menu-icon
India Daily

ट्रंप-शी की स्टेट डिनर में गर्मजोशी, अमेरिका-चीन रिश्तों को नई दिशा देने पर हुई बात

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के सम्मान में स्टेट डिनर आयोजित किया. दोनों नेताओं ने अमेरिका-चीन संबंधों को लेकर सकारात्मक संदेश दिए.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
ट्रंप-शी की स्टेट डिनर में गर्मजोशी, अमेरिका-चीन रिश्तों को नई दिशा देने पर हुई बात
Courtesy: X (@SpoxCHN_MaoNing)

व्हाइट हाउस का ईस्ट रूम गुरुवार शाम अमेरिका और चीन के शीर्ष नेतृत्व की मुलाकात का गवाह बना. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत किया. यह कार्यक्रम दोनों नेताओं की दिन में हुई औपचारिक मुलाकात और बातचीत के बाद आयोजित किया गया था.

स्टेट डिनर में दोनों देशों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कारोबारी और तकनीकी क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियां भी मौजूद रहीं. व्हाइट हाउस के अनुसार, डिनर के मेन्यू में अमेरिकी व्यंजनों के साथ चीनी स्वाद का भी समावेश किया गया था.

ट्रंप ने चीन के साथ रिश्तों को लेकर दिया संदेश

ट्रंप ने अपने संबोधन में चीन की मेहमाननवाजी का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका भी चीनी राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल का उसी गर्मजोशी से स्वागत करना चाहता है. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों की राजनीतिक व्यवस्थाएं अलग हैं, लेकिन अमेरिकी और चीनी लोगों के बीच संबंध लंबे समय से कायम हैं. ट्रंप ने उम्मीद जताई कि दोनों देश ऐसा रिश्ता आगे बढा सकते हैं, जिससे आने वाली पीढियों के लिए आर्थिक समृद्धि और सुरक्षा को बढ़ावा मिले. उन्होंने शी को अमेरिका के राष्ट्रीय प्रतीक बाल्ड ईगल की एक प्रतिमा भी उपहार में दी. इसे एक अमेरिकी कलाकार ने तैयार किया था और इसके डिजाइन में ट्रंप और मेलानिया ट्रंप की भूमिका रही.

संबंध नए दौर में पहुंच रहे

ट्रंप के बाद शी जिनपिंग ने भी संबोधन दिया. उन्होंने कहा कि छह महीने से भी कम समय में दोनों नेताओं की मुलाकात और एक-दूसरे के देशों की यात्रा अमेरिका-चीन संबंधों में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है. शी के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में कई मुद्दों पर साझा समझ बनी है. उन्होंने इसे रणनीतिक स्थिरता वाले रचनात्मक चीन-अमेरिका संबंधों को आगे बढाने वाला कदम बताया. शी ने दोनों देशों के बीच सहयोग के पुराने उदाहरणों का भी जिक्र किया और 50 साल पहले की पिंग-पोंग डिप्लोमेसी को याद किया.

डिनर के दौरान ट्रंप ने मेहमानों को व्हाइट हाउस में बन रहे नए बॉलरूम की जानकारी भी दी. उन्होंने बताया कि नए हॉल में एक हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की क्षमता होगी, जबकि मौजूदा ईस्ट रूम में करीब 145 लोग आ सकते हैं. ट्रंप ने इसे व्हाइट हाउस की लंबे समय से चली आ रही जरूरत से जोडा और मेहमानों को निर्माणाधीन स्थल देखने के लिए आमंत्रित किया.