नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैलिफोर्निया दौरे से पहले उनकी सुरक्षा से जुड़ी एक अहम घटना सामने आई है. लॉस एंजिलिस के पास स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर एक व्यक्ति को हथियार और प्रतिबंधित गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया. घटना ऐसे समय हुई है, जब ट्रंप इस सप्ताह रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के एक फंडरेजिंग कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं. प्राथमिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति गोल्फ क्लब परिसर में घूमते हुए फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. सुरक्षा एजेंसियों को उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उसे रोककर वाहन की तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान हथियार और प्रतिबंधित गोला-बारूद मिलने पर उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया.
लॉस एंजिलिस काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 38 वर्षीय जीनिन जॉन टेले के रूप में हुई है, जो कैलिफोर्निया के डाउनी का निवासी है. उसकी कार से एक पिस्टल और आर्मर-पियर्सिंग यानी कवच-भेदी गोलियां बरामद हुईं. फिलहाल आरोपी पर छिपाकर हथियार रखने और प्रतिबंधित गोला-बारूद रखने के आरोप लगाए गए हैं.
मामले की जांच अमेरिकी सीक्रेट सर्विस, एफबीआई की जॉइंट टेररिज्म टास्क फोर्स और अन्य सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से कर रही हैं. अधिकारियों ने अभी तक किसी संभावित हमले की पुष्टि नहीं की है. जांच का उद्देश्य आरोपी की गतिविधियों, उसके इरादों और किसी संभावित नेटवर्क से उसके संबंधों का पता लगाना है.
डोनाल्ड ट्रंप कैलिफोर्निया में रिपब्लिकन नेशनल कमेटी के फंडरेजिंग डिनर में शामिल होने वाले हैं. इस कार्यक्रम से पहले हुई गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से देख रही हैं. क्लब और कार्यक्रम स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके.
डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई सुरक्षा घटनाओं का सामना कर चुके हैं. जुलाई 2024 में पेंसिल्वेनिया की चुनावी रैली के दौरान उन पर गोली चलाई गई थी, जिसमें उनके कान में चोट लगी थी. सितंबर 2024 में फ्लोरिडा स्थित गोल्फ कोर्स पर भी एक संदिग्ध को हथियार के साथ पकड़ा गया था. इसके अलावा 2016 में भी एक रैली के दौरान उन पर हमला करने की कोशिश की गई थी, जिसे सुरक्षा बलों ने समय रहते विफल कर दिया था.
वर्तमान मामले में जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी केवल हथियार लेकर घूम रहा था या उसकी कोई बड़ी योजना थी. फिलहाल अधिकारी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच कर रहे हैं. ट्रंप की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में कार्यक्रमों के दौरान अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम बनाए रखने की तैयारी की गई है.