Weather Update: देश की राजधानी दिल्ली में अगले चार दिनों तक ठंडक रहने की उम्मीद जताई गई है. इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान का स्तर 9 से 18 डिग्री के आसपास बने रहने का अनुमान है. IMD के अलर्ट के अुनसार कई राज्यों में 6 और 7 मार्च को हल्की बारिश के साथ कुछ इलाकों में बर्फबारी देखने को मिल सकती है. जिनमें जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बल्किस्तान, मुजफराबाद और हिमाचल प्रदेश शामिल है. जहां अलग-अलग स्थानों पर बिजली गिरने के साथ आंधी भी चलने की संभावना जताई गई है.
केरल में हल्के से मध्यम स्तर की अगले दो दिन तक बारिश होने की संभावना है. वहीं उड़ीसा में भी कुछ स्थानों पर हल्की या माध्यम बारिश होने की संभावनाएं है. जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्के से मध्यम स्तर की बारिश की उम्मीद जताई गई है. इसके साथ ही उत्तराखंड में भी हल्के से मध्यम स्तर की बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना है.
IMD के जारी अलर्ट के मुताबिक 6, 7 और 8 मार्च को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने की संभावना है. वहीं 9 और 10 मार्च को प्रदेश में पिछले दिनों की तरह ही मौसम बिल्कुल साफ रहने का अनुमान है. ऐसे में 5 मार्च से लेकर 10 मार्च तक यूपी के मौसम का मिजाज बिल्कुल साफ रहने की उम्मीद है.
वहीं जम्मू-कश्मीर के अधिकांश जिलों में दिन का पारा सामान्य से 4-13 डिग्री तक नीचे चल रहा है. मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार 6-7 मार्च के बाद 12 से 14 मार्च तक कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होगी. कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी और बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की चेतावनी जारी की है.
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूर्वी मध्य प्रदेश उत्तरी तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले एक-दो दिन हल्की बारिश हो सकती है. अगले तीन दिनों तक अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड और मेघायल के कुछ इलाकों में हल्की या मध्यम बारिश होने के साथ ही बिजली गिरने की संभावना है. इस दौरान रायलसीमा और केरल में मौसम गर्म बना रहेगा.