menu-icon
India Daily

उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच 15 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, यहां जानें मौसम का हाल

उत्तर भारत में अभी भी प्रचंड गर्मी का कहर जारी है. हालांकि इसी बीच मौसम विभाग की ओर से आज 15 राज्यों में बारिश की चेतावनी दी गई है. इसके साथ तेज रफ्तार हवाएं लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तर भारत में भीषण गर्मी के बीच 15 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, यहां जानें मौसम का हाल
Courtesy: ANI

नई दिल्ली: आज यानी 28 मई 2026 को भी उत्तर भारत के राज्यों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी रहेगा. हालांकि इसी बीच 15 राज्यों में मध्यम से तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती हैं. 

मानसून भी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है. हालांकि केरल में मानसून अपनी सामान्य तारीख 26 मई को नहीं पहुंचा, लेकिन दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप तथा बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में मानसून ने अपनी रफ्तार बढ़ा दी है. मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में मानसून और आगे बढ़ सकता है.

दिल्ली-एनसीआर वालों को राहत नहीं

दिल्ली-एनसीआर इलाकों में बारिश की संभावना तो नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट हो सकती है. लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलने की संभावना है. कुछ इलाकों में आसमान में बादल छाए रहेंगे, जिससे लोगों को राहत मिलेगी, हालांकि एक-दो दिन बाद दिल्ली में भी हल्की बारिश के आसार हैं.

वहीं उत्तर प्रदेश की बात करें तो वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर सहित कई जिलों में आज भी बारिश की संभावना जताई गई है. आंधी के कारण लोगों की परेशानी थोड़ी बढ़ सकती है, इसलिए लोगों को इस दौरान घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है. बिहार के कई इलाकों में अगले दो-तीन दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. हालांकि राजधानी पटना में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन तापमान में गिरावट आने से लोगों को राहत मिलेगी.

कई राज्यों में बारिश की चेतावनी 

कई राज्यों में जहां बारिश हो रही है, वहीं राजस्थान अभी भी भीषण गर्मी की चपेट में है. श्रीगंगानगर में पारा 48.2 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि बीकानेर, चूरू, जैसलमेर और फलोदी जैसे शहरों में भी तापमान 46 डिग्री से ऊपर दर्ज किया जा रहा है. हालांकि उम्मीद है कि महीने के खत्म होने तक कुछ इलाकों में बारिश हो.

महाराष्ट्र में बारिश ने अपना खेल शुरू कर दिया है. महाराष्ट्र के कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है. कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं कुछ इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है. वहीं उत्तराखंड में भी अगले दो दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में भी हल्की-मध्यम बारिश, गरज-चमक और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग की ओर से बिना किसी जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है.