menu-icon
India Daily

SRH vs RR: वैभव के तूफान में उड़ गई हैदराबाद, क्वालीफायर 2 में अब GT से भिड़ेगी राजस्थान

आईपीएल 2026 एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वालीफायर-2 में जगह बना ली. अब उसका मुकाबला गुजरात टाइटंस से होगा. वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रन बनाकर जीत में अहम भूमिका निभाई.

KanhaiyaaZee
SRH vs RR: वैभव के तूफान में उड़ गई हैदराबाद, क्वालीफायर 2 में अब GT से भिड़ेगी राजस्थान
Courtesy: Social Media (X)

नई दिल्ली: नॉकआउट स्टेज के बेहद दबाव वाले एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने अपना दबदबा दिखाते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को टूर्नामेंट से बाहर का रास्ता दिखा दिया है. 47 रनों से मिली इस इस धमाकेदार जीत के हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे. वहीं तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपनी आग उगलती गेंदों से विरोधी टीम के शीर्ष क्रम को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया. अब राजस्थान का अगला मुकाबला गुजरात से होगा.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने तूफानी शुरुआत दिलाई. उन्होंने विरोधी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए महज 29 गेंदों में 97 रन कूट डाले, जिसमें 12 शानदार छक्के शामिल थे. वैभव ने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए केवल आठ ओवरों में 125 रन जोड़े. इसके बाद मध्यक्रम में ध्रुव जुरेल ने भी मोर्चा संभालते हुए सिर्फ 21 गेंदों में 50 रन कूट डाले.

हैदराबाद के गेंदबाजों की बेदम पिटाई

राजस्थान के बल्लेबाजों ने सनराइजर्स के मुख्य गेंदबाजों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया. वैभव ने कप्तान पैट कमिंस के एक ही ओवर में लगातार तीन छक्के जड़े. कप्तान कमिंस अपने चार ओवरों के कोटे में 64 रन लुटाकर बेहद महंगे साबित हुए, जबकि साकिब हुसैन ने भी 52 रन दिए. अंत में हैदराबाद के गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने 54 रन देकर तीन विकेट जरूर लिए. राजस्थान की टीम आठ विकेट पर 243 रन बना सकी.

आर्चर की गेंदबाजी से टूटी कमर

विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अपने शुरुआती स्पेल में ही घातक गेंदबाजी का नजारा पेश किया. उन्होंने खतरनाक ओपनर अभिषेक शर्मा को खाता खोले बिना ही पवेलियन भेज दिया. इसके ठीक बाद आर्चर ने आक्रामक बल्लेबाज ट्रेविस हेड को 17 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन को 33 रन के निजी स्कोर पर आउट कर मैच को पूरी तरह राजस्थान की मुट्ठी में डाल दिया.

मध्यक्रम का संघर्ष रहा बेकार

शुरुआती झटकों के बाद हैदराबाद की पारी बिखर गई. मध्यक्रम में नितीश कुमार रेड्डी ने 38 और सलिल अरोड़ा ने 35 रन बनाकर मैच में वापसी की कुछ उम्मीदें जगाईं, लेकिन स्पिनर रवींद्र जडेजा ने इन दोनों को आउट कर हैदराबाद की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रनों पर ढेर हो गई. राजस्थान के लिए नांद्रे बर्गर और जडेजा ने दो-दो विकेट लिए, जिससे टीम ने 47 रनों से मैच जीत लिया