menu-icon
India Daily

'गैर-पेशेवर हरकत', भारतीय युद्धपोत से टकराया पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज; भारत ने जताया विरोध

उत्तरी अरब सागर में भारतीय और पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के बीच टक्कर के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़ा राजनयिक विरोध दर्ज कराया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
'गैर-पेशेवर हरकत', भारतीय युद्धपोत से टकराया पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज; भारत ने जताया विरोध
Courtesy: AI

भारत और पाकिस्तान के बीच समुद्री क्षेत्र में एक घटना को लेकर राजनयिक स्तर पर विरोध दर्ज कराया गया है. भारत ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के चार्ज डी'अफेयर्स को विदेश मंत्रालय में तलब किया. 

सरकार द्वारा यह कदम उत्तरी अरब सागर में भारतीय नौसेना की एक इकाई और पाकिस्तानी नौसेना के जहाज के बीच हुई टक्कर के बाद उठाया गया. भारत ने पाकिस्तानी नौसैनिक इकाइयों के व्यवहार को 'अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर' बताया है. 

क्या है पूरा मामला?

अधिकारियों के मुताबिक, घटना 15 सितंबर की शाम उत्तरी अरब सागर में हुई. उस समय भारतीय नौसेना का एक फ्रंटलाइन युद्धपोत नियमित निगरानी अभियान पर तैनात था. इसी दौरान पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज तेज गति से भारतीय युद्धपोत के नजदीक पहुंचा. भारतीय अधिकारियों के अनुसार, पाकिस्तानी जहाज ने समुद्र में ऐसी गतिविधियां कीं, जिन्हें असुरक्षित और गैर-पेशेवर माना गया. इसी दौरान दोनों नौसैनिक इकाइयों के बीच टक्कर हो गई. अधिकारियों ने बताया कि घटना में किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं है.

विदेश मंत्रालय ने कहा कि घटना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई और इससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. हालांकि, भारत ने पाकिस्तानी नौसैनिक जहाज के आचरण को 1991 में दोनों देशों के बीच हुए एक समझौते के प्रावधानों के विपरीत बताया है. यह समझौता सैन्य अभ्यास, युद्धाभ्यास और सैनिकों की आवाजाही के संबंध में एक-दूसरे को पहले से सूचना देने से जुड़ा है. भारत का कहना है कि समुद्र में हुई इस घटना में समझौते के अनुच्छेद 10 से जुड़े प्रावधानों का उल्लंघन हुआ.

पाकिस्तान से सावधानी बरतने को कहा

भारत सरकार ने पाकिस्तान के चार्ज डी अफेयर्स के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक अपनी आपत्ति पहुंचाई है. भारत ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी सैन्य इकाइयों को समुद्री गतिविधियों के दौरान पर्याप्त सावधानी बरतनी चाहिए.

साथ ही, भारत सरकार द्वारा दोनों देशों के बीच लागू संबंधित समझौतों और उनके प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है. भारत ने इस्लामाबाद में तैनात अपने चार्ज डी'अफेयर्स को भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष इसी मुद्दे पर औपचारिक विरोध दर्ज कराने का निर्देश दिया है.