menu-icon
India Daily

'लाहौर जाकर मैं चेक करके आया हूं, हाय अल्ला तौबा मच गई थी...', पाकिस्तान के एटम बम पर बोले पीएम मोदी 

PM Modi Interview: एक न्यूज चैनल को दिए गए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा है कि वह खुद लाहौर जाकर पाकिस्तान के परमाणु बम की ताकत चेक कर चुके हैं. अब उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.

India Daily Live
'लाहौर जाकर मैं चेक करके आया हूं, हाय अल्ला तौबा मच गई थी...', पाकिस्तान के एटम बम पर बोले पीएम मोदी 
Courtesy: Social Media

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के उस बयान का जवाब दिया है जिसमें उन्होंने पाकिस्तान के परमाणु बम की चर्चा की थी. इस पर पीएम मोदी ने कहा कि मैं बिना सिक्योरिटी के पाकिस्तान गया था और उसकी ताकत चेक कर आया हूं. पीएम मोदी ने यह भी कहा कि जब वह गए तो पाकिस्तानी मीडिया में हाय तौबा मच गई थी. पीएम मोदी यहीं नहीं रुके, उन्होंने यह भी कह दिया कि अरे भाई एक समय पर वह हमारा ही देश हुआ करता था. अब यह वीडियो चर्चा का विषय बन गया है. 

इससे पहले कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा था कि पाकिस्तान से थोड़ा आराम से बात करनी चाहिए क्योंकि उसके पास परमाणु बम है. उन्होंने कहा था कि कोई पागल आदमी वहां परमाणु बम तक पहुंच गया तो कुछ ही सेकेंड में सब तबाह हो जाएगा. वह भारत सरकार को नसीहत दे रहे थे कि पाकिस्तान से चर्चा की जानी चाहिए लेकिन थोड़ी नरमी बरतते हुए. उनके इस बयान के बाद कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर पीएम मोदी ने जमकर हमला बोला है.

'वह भी तो मेरा देश था किसी जमाने में...'

इंडिया टीवी को दिए इंटरव्यू में मणिशंकर अय्यर के बयान पर जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'ऐसा है कि वह ताकत मैं खुद लाहौर जाकर चेक करके आया हूं. वहां पर एक रिपोर्टर रिपोर्ट कर रहा था- हाय अल्ला तौबा, हाय अल्ला तौबा, ये बिना वीजा कैसे आ गए? अरे वह भी तो मेरा ही देश था यार किसी जमाने में.' बता दें कि बीजेपी के तमाम नेता लगातार कह रहे हैं कि PoK भारत का हिस्सा था, है और रहेगा और जल्द ही उसे वापस भी लिया जाएगा.

मुस्लिमों के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मोदी को गाली देते-देते उनकी (विपक्ष) सारी डिक्शनरी खाली हो गई हैं. अब उनके पास कोई गालियां ही नहीं बची है इसलिए वो हिंदू-मुसलमान बोले बिना अपने वोटबैंक को जगा नहीं सकते हैं, क्योंकि उन्होंने 60 साल तक काम ही नहीं किया. अगर उन्होंने मुसलमान के बच्चों को पढ़ाया होता, उनको रहने के लिए अच्छा घर दिया होता, शौचालय दिया होता, उनके घर में बिजली दी होती तो ये सब न करना पड़ता. इसलिए अब ये उनको डरा-धमका रहे हैं कि ये मोदी है और फिर उसमें अब योगी जोड़ दिया लेकिन अब मुसलमान उनकी बातों को समझ गए हैं कि वो ये सब वोट के लिए कर रहे हैं.'