नई दिल्ली: फरवरी की शुरुआत के साथ ही देश का मौसम फिर करवट लेता दिख रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 3 फरवरी को कई राज्यों में बारिश, तेज हवा और ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है. उत्तर भारत में जहां शीतलहर लोगों को कंपकंपा रही है, वहीं पहाड़ी और मध्य भारत में बारिश और बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है. किसानों, यात्रियों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.
आईएमडी के अनुसार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश और आंधी की संभावना है. कुछ इलाकों में 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने किसानों को खेतों में काम से बचने और लोगों को खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.
उत्तर भारत के 23 जिलों में शीतलहर का असर देखने को मिलेगा. उत्तर प्रदेश के लखनऊ, अयोध्या, आगरा, कानपुर और गाजियाबाद समेत कई जिलों में सुबह और रात के समय ठंडी हवाएं चलेंगी. हरियाणा और पंजाब के कई हिस्सों में भी तापमान गिरने की संभावना है. बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाव की सलाह दी गई है.
दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश के साथ बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 21 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और कोहरे का असर रहेगा. बिहार में बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन घना कोहरा दृश्यता को प्रभावित कर सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी की चेतावनी है. निचले इलाकों में फिसलन और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात से मुश्किलें बढ़ सकती हैं. मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ जिलों में भी बारिश और तेज हवा के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है. मौसम विभाग ने अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है.