Arvind Kejriwal On Refugees Protest: नागरिकता संशोधन एक्ट (CAA) को लेकर अरविंद केजरीवाल ने शरणार्थियों और भाजपा पर जमकर हमला बोला. गुरुवार को दिल्ली में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से आए शरणार्थियों ने केजरीवाल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था. शरणार्थियों के विरोध प्रदर्शन को लेकर केजरीवाल ने आज यानी शुक्रवार को प्रतिक्रिया देते हुए विरोध करने वाले शरणार्थियों को पाकिस्तानी कहकर संबोधित किया.
अरविंद केजरीवाल ने न्यूज एजेंसी PTI एक वीडियो को अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर करते हुए उन पर निशाना साधा. केजरीवाल ने कहा- इन पाकिस्तानियों की हिम्मत? पहले हमारे देश में ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से घुसपैठ की, हमारे देश का क़ानून तोड़ा. इन्हें जेल में होना चाहिए था.
केजरीवाल ने आगे कहा कि इनकी (पाकिस्तान, बांग्लादेश, अफगानिस्तान से आए शरणार्थी) इतनी हिम्मत हो गयी कि हमारे देश में प्रदर्शन कर रहे हैं, हुडदंग कर रहे हैं? CAA आने के बाद पूरे देश में पाकिस्तानी और बांग्लादेशी फैल जाएंगे और लोगों को परेशान करेंगे. इस दौरान आम आदमी पार्टी के चीफ केजरीवाल ने भाजपा को भी निशाने पर लिया. उन्होंने कहा कि भाजपा इन्हें (शरणार्थी) अपना वोट बैंक बनाने के स्वार्थ में पूरे देश को परेशानी में धकेल रही है.
इन पाकिस्तानियों की हिम्मत? पहले हमारे देश में ग़ैर क़ानूनी तरीक़े से घुसपैठ की, हमारे देश का क़ानून तोड़ा। इन्हें जेल में होना चाहिए था। इनकी इतनी हिम्मत हो गयी कि हमारे देश में प्रदर्शन कर रहे हैं, हुडदंग कर रहे हैं? CAA आने के बाद पूरे देश में पाकिस्तानी और बांग्लादेशी फैल… https://t.co/xjVVrrglt7
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) March 15, 2024
गुरुवार को शरणार्थियों के विरोध प्रदर्शन के बाद केजरीवाल ने कहा था कि आज कुछ पाकिस्तानियों ने मेरे घर के सामने प्रदर्शन और हुड़दंग किया. दिल्ली पुलिस ने उन्हें पूरा सम्मान और संरक्षण दिया. बीजेपी ने इनका पूरा समर्थन किया. इनकी इतनी हिम्मत हो गई कि दिल्ली की जनता द्वारा भारी बहुमत से चुने गए CM को हमारे मुल्क में घुसकर माफ़ी मांगने को कह रहे है और बीजेपी इनका समर्थन कर रही है? बीजेपी मुझसे नफ़रत करते-करते पाकिस्तानियों के साथ खड़ी हो गई, भारत के साथ ग़द्दारी करने लगी?
उन्होंने कहा था कि इस CAA के बाद ये पाकिस्तानी पूरे देश में फैल जाएंगे और इसी तरह हमारे ही मुल्क के लोगों को इस तरह हड़काएंगे और हुड़दंग करेंगे. बीजेपी इन्हें अपना वोट बैंक बनाना चाहती है. उन्होंने ये भी कहा कि पाकिस्तानियों को पूरी पुलिस सुरक्षा और सम्मान के साथ मेरे घर के बाहर प्रदर्शन करने की इजाज़त और इस देश के किसानों को दिल्ली में आने की भी इजाज़त नहीं? भारत के किसानों पर अश्रु गैस के गोले, लाठियां, डंडे और गोलियां? और पाकिस्तानियों को इतना सम्मान?
दरअसल, CAA लागू होने की घोषणा के बाद केजरीवाल ने बड़ा बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि CAA क़ानून लागू होने से भारी संख्या में पाकिस्तान और बांग्लादेश से लोग आकर हमारे देश में बसेंगे। उन्हें कहाँ बसाया जाएगा? क्या आप चाहेंगे कि आपके घर के सामने पाकिस्तान से आए लोग झुग्गी डालकर रहें? क्या आप सुरक्षित महसूस करेंगे? क़ानून व्यवस्था चरमरा जाएगी। और ये लोग कौन होंगे? देश की सुरक्षा का क्या होगा? उनके इस बयान के बाद शरणार्थियों ने गुरुवार को केजरीवाल के खिलाफ दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया था.
केजरीवाल ने कहा था कि 10 साल देश पर राज करने के बाद एन चुनाव के पहले मोदी सरकार CAA लेकर आयी है. ऐसे वक़्त जब गरीब और मध्यम वर्ग महंगाई से कराह रहा है और बेरोज़गार युवा रोज़गार के लिए दर दर की ठोकरें खा रहा है, उन असली मुद्दों का समाधान करने की बजाय ये लोग CAA लाये हैं. कह रहे हैं कि तीन पड़ोसी देशों के अल्पसंख्यकों को भारत में नागरिकता दी जाएगी. यानि ये पड़ोसी देशों के लोगों को भारत में लाकर बसाना चाहते हैं, क्यों?
केजरीवाल ने कहा कि जब हमारे युवाओं के पास रोज़गार नहीं है तो पड़ोसी देशों से आने वाले लोगों को रोज़गार कौन देगा? उनके लिए घर कौन बनाएगा? क्या बीजेपी उनको रोज़गार देगी? क्या बीजेपी उनके लिए घर बनाएगी? पिछले दस सालों में 11 लाख से ज़्यादा व्यापारी और उद्योगपति इनकी नीतियों और अत्याचारों से तंग आकर देश छोड़कर चले गये. उन्हें वापिस लाने की बजाय ये पड़ोसी देश के ग़रीबों को लाकर भारत में बसाना चाहते हैं, क्यों? सिर्फ़ अपना वोट बैंक बनाने के लिए?