menu-icon
India Daily

BRICS Summit का दूसरा दिन आज, PM मोदी की कई अहम द्विपक्षीय बैठकें; यहां देखें पूरा शेड्यूल

BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और अहम दिन है. भारत मंडपम में साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता वैश्विक विकास, सहयोग, नवाचार और सतत विकास पर चर्चा करेंगे. पीएम मोदी की कई देशों के नेताओं से द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
BRICS Summit का दूसरा दिन आज, PM मोदी की कई अहम द्विपक्षीय बैठकें; यहां देखें पूरा शेड्यूल
Courtesy: ANI

BRICS शिखर सम्मेलन का दूसरा दिन आज कूटनीतिक गतिविधियों से भरा रहने वाला है. भारत मंडपम में सुबह करीब 9:55 बजे से BRICS के साझेदार और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्ष, शासनाध्यक्ष और मंत्री पहुंचना शुरू करेंगे. इसके बाद सुबह 10:35 बजे नेताओं की फैमिली फोटो होगी.

ब्रिक्स नेताओं की फैमली फोटो के बाद सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू हो जाएगा. इस सत्र का मुख्य विषय 'लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य' रखा गया है. इसमें दुनिया के नेता वैश्विक अर्थव्यवस्था, विकास, सहयोग और बदलती अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे.

पीएम मोदी की कई अहम बैठकें

BRICS सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई देशों के शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव के साथ उनकी बैठक प्रस्तावित है. इसके बाद 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात होगी.

शाम के कार्यक्रम में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामाफोसा के साथ 4:10 बजे बैठक होगी. इसके बाद 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति काशिम शेट्टिमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ प्रधानमंत्री मोदी की बैठक होगी.

पहले दिन दिखी भारत की सक्रिय कूटनीति

BRICS सम्मेलन का पहला दिन भी कई मायनों में महत्वपूर्ण रहा. प्रधानमंत्री मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं. शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, जबकि पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार पर बातचीत हुई. पहले दिन का एक प्रमुख परिणाम नई दिल्ली घोषणा-पत्र रहा, जिसमें आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर BRICS देशों का साझा रुख सामने आया.

BRICS सम्मेलन के दौरान भारत की मेजबानी का अंदाज भी आकर्षण का केंद्र रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम पहुंचने वाले विदेशी नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया. हाथ मिलाने से लेकर तस्वीर खिंचवाने तक, हर मौके पर भारतीय परंपरा और आतिथ्य की झलक दिखाई दी.