रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंचती दिख रही है. रूसी सेना ने शनिवार को यूक्रेन के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए. इन हमलों में कम से कम 9 लोगों की मौत की जानकारी मिली है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं.
रूस की ओर से किए गए इन हमलों के कारण रिहायशी इलाकों के साथ कई अहम बुनियादी ढांचों को भी नुकसान पहुंचा है. इन हमलों के बाद जवाब में यूक्रेन ने भी रूसी क्षेत्र में कार्रवाई की. समारा क्षेत्र के तोग्लियात्ती में स्थित तोग्लियात्तीकाउचुक सिंथेटिक रबर संयंत्र पर यूक्रेनी हमले की सूचना सामने आई है. हमले के बाद प्लांट में आग लग गई.
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने हमलों की जानकारी देते हुए कहा कि रूस ने शनिवार तड़के से यूक्रेन के अलग-अलग ठिकानों पर करीब 500 ड्रोन भेजे. उनका आरोप है कि रूसी सेना अब केवल युद्ध के मोर्चे तक सीमित नहीं है, बल्कि यूक्रेन की अर्थव्यवस्था और उन सुविधाओं को भी निशाना बना रही है जो युद्ध के दौरान आम लोगों की मदद कर रही हैं.
फ्रंटलाइन शहर क्रामाटोर्स्क में हमलों का असर आम नागरिकों पर भी पड़ा. शहर की नगर परिषद के मुताबिक करीब डेढ़ घंटे के भीतर तीन अलग-अलग घटनाओं में निजी वाहनों को निशाना बनाया गया. इन हमलों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए. अधिकारियों ने कहा कि जिन वाहनों पर हमला हुआ, वे किसी सैन्य अभियान का हिस्सा नहीं थे और उनमें आम नागरिक यात्रा कर रहे थे.
कीव के पश्चिम में स्थित झिटोमिर क्षेत्र के ज़्वियाहेल शहर में एक किराना दुकान पर हमला हुआ. क्षेत्रीय प्रशासन के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत हुई. हमले के दौरान दो पेट्रोल पंप और विदेशी निवेश से जुड़ा एक उद्यम भी प्रभावित हुआ. जापोरिज्जिया क्षेत्र में भी रूसी हमलों से नुकसान की खबर है. क्षेत्रीय गवर्नर के अनुसार, यहां दो लोगों की मौत हुई और 11 लोग घायल हुए. वहीं, क्रिवी रिह में रातभर चले ड्रोन और मिसाइल हमलों में दो लोगों की जान चली गई.