PM Modi-Xi Jinping Meeting: नई दिल्ली में 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज पहला दिन है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को कई देशों के नेताओं के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय बैठकें करेंगे. इनमें सबसे ज्यादा चर्चा प्रधानमंत्री मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात को लेकर है. शी जिनपिंग भारत के लिए रवाना हो चुके हैं. दोनों नेताओं की मुलाकात शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में होगी. इस बैठक पर भारत और चीन के संबंधों को लेकर खास नजर रहेगी.
प्रधानमंत्री मोदी का दिन काफी व्यस्त रहेगा. सुबह 10 बजे हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबिय अहमद अली से मुलाकात होगी. इसके बाद 10:30 बजे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ बैठक होगी.
सुबह 11 बजे अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से और 11:30 बजे वियतनाम के नेता ले मिन्ह हंग से मुलाकात प्रस्तावित है.
दोपहर 2 बजे BRICS देशों के नेता भारत मंडपम पहुंचेंगे. 2:35 बजे ‘Inclusive Global Governance and Strengthening Multilateralism’ विषय पर क्लोज सेशन होगा. फिर शाम 4:25 बजे नेता Bharat Innovates Exhibition देखेंगे. 5:05 बजे फैमिली फोटो और 5:10 बजे संयुक्त वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा. इसके बाद 5:45 बजे मोदी-शी जिनपिंग बैठक और रात 7:30 बजे गाला डिनर होगा.
BRICS का मुख्य मंच नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगा. इस बार सम्मेलन में 11 सदस्य देशों और 10 पार्टनर देशों के प्रमुख और प्रतिनिधि शामिल होंगे. भारत की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन से शी जिनपिंग, रूस से व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका से सिरिल रामाफोसा, ईरान से मसूद पेजेशकियन, मिस्र से अब्देल फतह अल-सीसी, इथियोपिया से अबी अहमद और इंडोनेशिया से प्रबोवो सुबियांतो शामिल होंगे. UAE का प्रतिनिधित्व अबू धाबी के क्राउन प्रिंस और सऊदी अरब का प्रतिनिधिमंडल विदेश मंत्री करेंगे. पार्टनर देशों के प्रमुख और प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे. वहीं, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला शामिल नहीं होंगे और उनकी जगह विदेश मंत्री मौरो विएरा प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे.
BRICS Summit के बीच मौसम भी चुनौती बन सकता है. IMD ने दिल्ली समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. दिल्ली-NCR में अगले दो दिनों तक तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना है.