menu-icon
India Daily

कौन है बाबा सिद्दिकी मर्डर केस का मुख्य आरोपी अनमोल बिश्नोई, जिसे अमेरिका ने किया डिपोर्ट

भारत का वांटेड अपराधी अनमोल वि अमेरिका से देश लौटाया गया है. वह NCP नेता बाबा सिद्दिकी की हत्या में शामिल था और लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हेंडलर माना जाता है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
कौन है बाबा सिद्दिकी मर्डर केस का मुख्य आरोपी अनमोल बिश्नोई, जिसे अमेरिका ने किया डिपोर्ट
Courtesy: social media

नई दिल्ली: भारत का कुख्यात अपराधी अनमोल विश्नोई अमेरिका से भारत लौटाया गया है. वह लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई और गिरोह का अंतरराष्ट्रीय हेंडलर है. अनमोल पर बाबा सिद्दिकी की हत्या और कई अन्य अपराधों के आरोप हैं.

अमेरिकी होमलैंड सिक्योरिटी विभाग ने उसकी गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि वह 18 नवंबर 2025 को अमेरिकी धरती से हटाया गया. आज वह दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचेगा, जहां एनआईए उसे औपचारिक हिरासत में लेगी.

अनमोल बिश्नोई कौन है?

अनमोल, पंजाब के फाजिल्का जिले का निवासी है, और भारत की 'मोस्ट वांटेड' अपराधियों में शामिल हैं. वह लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के अंतरराष्ट्रीय संचालन का प्रमुख हैं. गिरोह के अन्य अपराधों के साथ-साथ वह सलमान खान के घर पर अप्रैल 2024 में गोलीबारी का आरोपी भी रहे. एनआईए ने बताया कि वह पश्चिम एशिया, पूर्वी अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका में गिरोह के नेटवर्क को संचालित करता था.

बाबा सिद्दिकी की हत्या में साजिश

जांच में सामने आया कि अनमोल, बाबा सिद्दिकी की हत्या में सीधे शामिल था. वह हत्यारों के संपर्क में था और स्नैपचेट के जरिए उन्हें निर्देश देता था. इसके अलावा वह मई 2022 में सिंगर सिद्दू मूसेवाला पर हमले का आदेश देने में भी शामिल था. एनआईए के अधिकारी ने बताया कि वह इनक्रिप्टेड चैनलों के माध्यम से धमकियां देता और अपराधी संचालन का निर्देशन करता था.

अंतरराष्ट्रीय अपराधी नेटवर्क

अनमोल का विदेश में होना गिरोह को वैश्विक स्तर पर संगठित रहने में मदद करता था. वह फिरौती रैकेट, धमकियां और असाइनमेंट्स का संचालन करता था. उसके द्वारा बनाए गए नेटवर्क ने अपराधियों को पश्चिम एशिया, पूर्वी अफ्रीका और उत्तरी अमेरिका से जोड़ने में मदद की. एनआईए अधिकारी ने बताया कि अब जब उसका डिपोर्टेशन हो चुका है, वह औपचारिक हिरासत में लिया जाएगा.

क्या है डिपोर्टेशन का कारण

अनमोल फर्जी पासपोर्ट के साथ अमेरिका में था. अमेरिकी इमीग्रेशन और कस्टम्स इन्फोर्समेंट ने उसे पकड़कर पोटावैटमी काउंटी जेल, आयोवा में रखा. वह नेपाल, दुबई और केन्या होते हुए अमेरिका गया था. भारत में उस पर कम से कम 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित है.

गिरोह और कानूनी स्थिति

अनमोल बिश्नोई गिरोह का एक महत्वपूर्ण सदस्य है और लॉरेंस बिश्नोई के जेल के बावजूद गिरोह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय है. एनआईए और पुलिस अब उसे औपचारिक हिरासत में लेकर बाबा सिद्दिकी की हत्या और अन्य अपराधों की जांच आगे बढ़ाएंगे. उसके देश वापसी से गिरोह की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर भी प्रभाव पड़ेगा.