menu-icon
India Daily

'ज्ञानेश कुमार ने 2019 में बीजेपी का टिकट ऑफर किया था', पूर्व मुख्य सचिव के दावे पर राहुल गांधी ने बोला बड़ा हमला

केरल के पूर्व मुख्य सचिव जिजी थॉमसन ने दावा किया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने 2016 में उन्हें भाजपा टिकट का प्रस्ताव दिया था. इस पर राहुल गांधी ने चुनाव फिक्सिंग का आरोप लगाया है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'ज्ञानेश कुमार ने 2019 में बीजेपी का टिकट ऑफर किया था', पूर्व मुख्य सचिव के दावे पर राहुल गांधी ने बोला बड़ा हमला
Courtesy: Social media

केरल के पूर्व मुख्य सचिव जिजी थॉमसन ने मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार पर बड़ा दावा किया है. थॉमसन के अनुसार, वर्ष 2016 में दिल्ली की एक उड़ान के दौरान आईएएस अधिकारी रहे ज्ञानेश कुमार ने उन्हें 2019 का लोकसभा चुनाव पथानामथिट्टा से भाजपा उम्मीदवार के रूप में लड़ने और जीतने पर केंद्रीय मंत्री बनने की सलाह दी थी. थॉमसन ने बताया कि उन्होंने राजनीति में आने से साफ इनकार कर दिया था.

राहुल गांधी और कांग्रेस का तीखा हमला

इस खुलासे के बाद राजनीति गरमा गई है. लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि पहले ज्ञानेश कुमार का इस्तेमाल भाजपा में भर्ती के लिए किया गया और बाद में मोदी-शाह ने उन्हें अंपायर बनाकर चुनावों में "मैच फिक्सिंग" का काम सौंपा. केरल कांग्रेस ने भी सवाल उठाया कि एक सेवारत आईएएस अधिकारी किस हैसियत से किसी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की सलाह दे रहा था.

एसआईआर (SIR) विवाद की पृष्ठभूमि

यह नया विवाद चुनाव आयोग के भीतर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर चल रहे घमासान के बीच सामने आया है. मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया था कि दो चुनाव आयुक्तों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण और फॉर्म 6 से जुड़े फैसलों पर 14 बार अपनी आपत्तियां दर्ज कराई थीं. हालांकि, चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि एसआईआर से जुड़े सभी फैसले सर्वसम्मति से लिए गए थे.