Having Pizza During Pregnancy: गर्भावस्था महिलाओं के जीवन का एक बहुत ही खास और संवेदनशील समय होता है. इस दौरान शरीर में कई बदलाव होते हैं और हर चीज का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है. खासकर खान-पान को लेकर कई सवाल मन में उठते हैं. क्या यह खाना सुरक्षित है? क्या इससे बच्चे को कोई नुकसान तो नहीं होगा? ऐसे ही सवाल अक्सर प्रेग्नेंट महिलाओं के दिमाग में घूमते रहते हैं.
इस समय कई महिलाओं को तीखा, चटपटा और जंक फूड खाने का मन बहुत करता है. पिज्जा, बर्गर जैसी चीजें अचानक याद आने लगती हैं. खासकर पिज्जा को लेकर सबसे ज्यादा कन्फ्यूजन रहता है. लोग सोचते हैं कि क्या कभी-कभार पिज्जा खा लिया जाए तो बच्चे पर बुरा असर तो नहीं पड़ेगा. क्योंकि मां जो भी खाती-पीती है, उसका सीधा असर पेट में पल रहे बच्चे पर पड़ता है. इसलिए सही जानकारी होना बहुत जरूरी है.
डॉक्टरों की राय के मुताबिक प्रेग्नेंसी में पिज्जा को पूरी तरह बंद करने की कोई जरूरत नहीं है. अगर कभी-कभार सही तरीके से बनाया गया पिज्जा खाया जाए तो वह सुरक्षित माना जाता है. असली समस्या पिज्जा में नहीं, बल्कि उसमें इस्तेमाल होने वाली कुछ खास चीजों में होती है. जैसे बहुत ज्यादा तेल, ज्यादा चीज, प्रोसेस्ड मीट या कच्चा सामग्री. इन चीजों से सावधानी बरतनी चाहिए.
डॉक्टर सलाह देते हैं कि होममेड पिज्जा सबसे बेहतर विकल्प है. घर पर बनाते समय ताजी सब्जियां, कम तेल और अच्छी क्वालिटी का चीज इस्तेमाल करें. बाहर का पिज्जा खाते समय भी साफ-सुथरी जगह से ही मंगवाएं. ज्यादा मसालेदार या बहुत चिकना पिज्जा से परहेज करना बेहतर है. साथ ही पिज्जा के साथ सलाद या हल्की सब्जियां खाएं तो शरीर को जरूरी पोषण भी मिलता रहता है.
प्रेग्नेंसी में पाचन क्रिया थोड़ी धीमी हो जाती है, इसलिए भारी खाना एकदम से नहीं लेना चाहिए. छोटी मात्रा में खाएं और अच्छी तरह चबाकर खाएं. अगर कोई पुरानी समस्या जैसे एसिडिटी या गैस की शिकायत है तो डॉक्टर से जरूर सलाह लें. हर महिला का शरीर अलग होता है, इसलिए व्यक्तिगत सलाह लेना हमेशा सही रहता है.