उत्तराखंड: पछुवादून और जौनसार-बाबर क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है. विकासनगर से अब धार्मिक नगर हरिद्वार और ऋषिकेश के लिए सीधी बसें चलने वाली हैं. पहले यहां से निजी बसें सिर्फ देहरादून तक ही जाती थीं. आगे की यात्रा के लिए यात्रियों को देहरादून में बस बदलनी पड़ती थी. इससे समय और पैसा दोनों खर्च होते थे. अब सीधी सेवा शुरू होने से आम यात्री, तीर्थयात्री और नौकरीपेशा लोगों को काफी राहत मिलेगी.
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण से रूट विस्तार की अनुमति मिलने के बाद दून-विकासनगर बस यूनियन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. नई व्यवस्था के तहत कुल छह बसें चलेंगी. इनमें चार बसें हरिद्वार रूट पर और दो बसें ऋषिकेश रूट पर संचालित होंगी. परिवहन विभाग ने सुचारु संचालन के लिए बस यूनियन से रूटवार समय सारणी मांगी है. देहरादून-विकासनगर बस यूनियन के अध्यक्ष रामकुमार सैनी ने बताया कि अगले महीने यानी अक्टूबर से इन बसों का नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा. इससे क्षेत्र के लोगों को सीधा और सुविधाजनक सफर उपलब्ध होगा.
दूसरी ओर देहरादून में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. मोहब्बेवाला इलाके में रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक ट्रक बेकाबू होकर पलट गया. इस दौरान ट्रक ने तीन लोगों को कुचल दिया. इनमें एक कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हैं. हादसे के बाद ट्रक चालक और क्लीनर फरार हो गए.
पुलिस के अनुसार सीमेंट से लदा 18 टायरों वाला ट्रक था. अचानक एक बाइक सामने आ गई. उसे बचाने की कोशिश में चालक ने नियंत्रण खो दिया. ट्रक दो दुपहिया वाहनों को चपेट में लेते हुए डिवाइडर से टकराकर पलट गया. पटेलनगर थाने के इंस्पेक्टर नरेश राठौर ने प्रारंभिक जांच में यह जानकारी दी. सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया.
मृतक की पहचान 50 वर्षीय जमील पुत्र मकसूद के रूप में हुई है. वह छुटमलपुर, जिला सहारनपुर के रहने वाले थे. परिजनों के अनुसार जमील देहरादून में ड्राईक्लीनिंग की दुकान चलाते थे. हादसे के समय वे सहारनपुर से बाइक पर अपनी दुकान की ओर आ रहे थे. इस घटना ने पूरे इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.