Bigg Boss 20: बिग बॉस 20 के कंटेस्टेंट और फेम गुरुकुल के विनर काजी तौकीर को लेकर सोशल मीडिया पर उनके फैंस के बीच चिंता बढ़ गई है. ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि खराब तबीयत के चलते काजी को मेडिकल कारणों से बिग बॉस 20 से बाहर कर दिया गया है. कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में तो यह दावा भी किया गया कि काजी को डेंगू हो गया है और ठीक होने के बाद उन्हें शो में वापस लाया जा सकता है. हालांकि, अब काजी तौकीर की टीम ने इन खबरों पर सफाई दी है.
काजी तौकीर की टीम ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए बताया कि सिंगर पिछले कुछ दिनों से बिग बॉस हाउस में बुखार से परेशान हैं. उन्हें कमजोरी भी महसूस हो रही थी. इसी वजह से उन्हें मेडिकल रूम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच की. टीम के मुताबिक, काजी फिलहाल बिग बॉस के घर में ही हैं और उन्हें शो से बाहर नहीं किया गया है.
टीम ने अपने पोस्ट में फैंस को काजी की सेहत को लेकर अपडेट दिया और बताया कि वह बीमारी के बावजूद शो में अपनी भागीदारी जारी रख रहे हैं. जब भी उन्हें मौका मिलता है, वह आराम करने की कोशिश करते हैं और अपनी सेहत का ध्यान रख रहे हैं. टीम ने यह भी कहा कि कमजोरी के बावजूद काजी अपने अंदाज में दर्शकों का मनोरंजन कर रहे हैं.
काजी की टीम ने डेंगू होने की सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों की पुष्टि नहीं की है. इसलिए फिलहाल डेंगू से जुड़ी खबरों को सिर्फ सोशल मीडिया पर चल रहा दावा माना जा रहा है. टीम ने फैंस से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और काजी को अपना प्यार और पॉजिटिव एनर्जी देते रहें.
काजी तौकीर लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रहने के बाद बिग बॉस के जरिए एक बार फिर दर्शकों के बीच लौटे हैं. फेम गुरुकुल के विनर के तौर पर अपनी पहचान बना चुके काजी को शो में लेकर उनके पुराने फैंस में भी काफी उत्साह है. बिग बॉस 20 में उनका अंदाज और उनकी एनर्जी दर्शकों का ध्यान खींच रही है.
काजी की टीम ने संकेत दिया है कि उनकी सेहत में सुधार होने के बाद वह पहले की तरह शो में मनोरंजन करते नजर आएंगे. ऐसे में फिलहाल काजी के एविक्शन की खबरों पर विराम लग गया है. फैंस भी उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि वह बिग बॉस 20 के सफर को आगे तक जारी रखेंगे.