नई दिल्ली: भारत ने नेपाल के बागडोगरा एयरस्पेस से सैन्य विमानों को उड़ान भरने की अनुमति देने से जुड़ी खबरों को खारिज कर दिया है. सूत्रों ने स्पष्ट कहा है कि सैन्य विमानों के लिए नेपाल के रास्ते बागडोगरा आने-जाने का कोई प्रस्ताव नहीं है. इससे पहले मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया था कि भारत नेपाल के हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल को लेकर बातचीत कर रहा है. हालांकि, सूत्रों ने सैन्य विमानों से जुड़ी खबरों को पूरी तरह गलत बताया है.
नेपाल के प्रधानमंत्री बलेंद्र शाह आज दो दिवसीय भारत दौरे पर पहुंचने वाले हैं. यह उनका भारत का पहला दौरा बताया जा रहा है. सोमवार को उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से होगी. दोनों देशों के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी, जिसमें आपसी सहयोग और कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी. बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्री ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कुछ परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे. इसके अलावा, दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे और उनका आदान-प्रदान होगा.
दिल्ली दौरे के दौरान बलेंद्र शाह राजघाट भी जाएंगे. यहां वह महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे और उनकी समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे. इसके साथ ही वह नेपाल-भारत बिजनेस फोरम में भी हिस्सा लेंगे. इस कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है.
Reports claiming India proposed allowing military aircraft to use Nepal’s Bagdogra entry point are false. There is no such proposal: Sources
— ANI (@ANI) November 22, 2026
भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क बढ़ाने के लिए जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट तक नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने की योजना है. करीब 604 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों से होकर गुजरेगी. इसके संभावित ठहराव में जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम शामिल हैं.
भारत और नेपाल के रिश्ते सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक और पारिवारिक संबंधों पर आधारित हैं. दोनों देशों के बीच खुली सीमा और 'रोटी-बेटी' का रिश्ता भी खास महत्व रखता है. इस दौरे से व्यापार, ऊर्जा, डिजिटल क्षेत्र और आपसी सहयोग को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है.