menu-icon
India Daily

कभी फोटो के पैसे नहीं थे, आज करोड़ों की फीस! कार्तिक आर्यन की संघर्ष से स्टारडम तक की कहानी

Kartik Aaryan Birthday Special: बॉलीवुड में आज कार्तिक आर्यन का नाम आते ही करोड़ों की फीस, शानदार गाड़ियां और हिट फिल्मों की चर्चा होने लगती है. लेकिन उनकी सफलता के पीछे संघर्ष की एक ऐसी कहानी है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं.

Shilpa Shrivastava
कभी फोटो के पैसे नहीं थे, आज करोड़ों की फीस! कार्तिक आर्यन की संघर्ष से स्टारडम तक की कहानी
Courtesy: ChatGPT

Kartik Aaryan Birthday Special: बॉलीवुड में आज कार्तिक आर्यन का नाम आते ही करोड़ों की फीस, शानदार गाड़ियां और हिट फिल्मों की चर्चा होने लगती है. लेकिन उनकी सफलता के पीछे संघर्ष की एक ऐसी कहानी है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं.  एक समय ऐसा था जब कार्तिक के पास अपना प्रोफेशनल फोटोशूट कराने तक के पैसे नहीं थे.  वह दोस्तों के साथ खिंचवाई गई तस्वीरों से अपना चेहरा काटकर कास्टिंग डायरेक्टर्स को भेजते थे.  आज वही अभिनेता करोड़ों रुपये फीस लेने वाले सितारों में शामिल हैं. 

शाहरुख खान की फिल्म देखकर बना एक्टर बनने का सपना:

कार्तिक आर्यन का जन्म 22 नवंबर 1990 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था.  उनका असली नाम कार्तिक तिवारी है.  उनके माता-पिता डॉक्टर हैं और परिवार चाहता था कि वह भी पढ़ाई पर ध्यान देकर एक अच्छा करियर बनाएं.  लेकिन कार्तिक के मन में फिल्मों में काम करने का सपना था. नौवीं कक्षा में शाहरुख खान की फिल्म 'बाजीगर' देखने के बाद उन्होंने अभिनेता बनने का फैसला कर लिया.  इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए मुंबई पहुंचे कार्तिक ने फिल्मों में काम पाने के लिए लगातार ऑडिशन देना शुरू कर दिया. 

फोटो के पैसे नहीं थे, 12 लड़कों के साथ रहते थे:

मुंबई में शुरुआती दिनों में कार्तिक के पास अपना फोटोशूट कराने के लिए पैसे नहीं थे.  वह दोस्तों की ग्रुप फोटो से अपना चेहरा काटकर ऑडिशन के लिए भेजते थे.  रहने का खर्च बचाने के लिए उन्होंने करीब 12 लड़कों के साथ फ्लैट शेयर किया.  पहली फिल्म मिलने के बाद भी उनकी जिंदगी तुरंत नहीं बदली और वह कई साल तक उसी तरह संघर्ष करते रहे. 

मां के कैंसर ने तोड़ दिया था हौसला:

करियर बनाने के संघर्ष के बीच उनकी मां माला तिवारी को ब्रेस्ट कैंसर हो गया.  कार्तिक ने बताया था कि मां की कीमोथेरेपी चल रही थी और उस समय वह 'सोनू के टीटू की स्वीटी' की शूटिंग कर रहे थे.  यह दौर उनके लिए बेहद भावनात्मक था.  हालांकि, उनकी मां ने कैंसर को मात दे दी. 

पहली कमाई सिर्फ 1,500 रुपये:

कार्तिक को अपने पहले विज्ञापन से महज 1,500 रुपये मिले थे.  साल 2011 में फिल्म 'प्यार का पंचनामा' के लिए उन्हें 70 हजार रुपये दिए गए थे, जिसमें टैक्स कटने के बाद करीब 63 हजार रुपये उनके हाथ आए.  आज उनकी फीस करोड़ों में है.  उन्होंने 'आप की अदालत' में बताया था कि फिल्म 'धमाका' के लिए उन्हें 20 करोड़ रुपये मिले थे और फिल्म की शूटिंग महज 10 दिनों में पूरी हुई थी. 

'सोनू के टीटू की स्वीटी' ने बदल दी किस्मत:

'प्यार का पंचनामा' में उनका लंबा मोनोलॉग काफी चर्चित हुआ, लेकिन 2018 में आई 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई.  इसके बाद 'लुका छुपी', 'पति पत्नी और वो', 'भूल भुलैया 2', 'सत्यप्रेम की कथा', 'चंदू चैंपियन' और 'भूल भुलैया 3' जैसी फिल्मों से उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. दोस्तों की तस्वीर से चेहरा काटकर ऑडिशन भेजने से लेकर करोड़ों की फीस लेने तक कार्तिक आर्यन का सफर बताता है कि सफलता रातोंरात नहीं मिलती.  लगातार कोशिश, धैर्य और अपने सपने पर भरोसा ही इंसान को मंजिल तक पहुंचा सकता है.