बॉलीवुड सितारों को गैंगस्टरों के नाम पर धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है. टाइगर श्रॉफ के घर पर फायरिंग और अमिताभ बच्चन को धमकी दिए जाने के बाद अब अभिनेता सैफ अली खान को निशाना बनाया गया है. सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है. यह धमकी रोहित गोदारा गैंग की ओर से दिए जाने का दावा किया जा रहा है. ऑडियो में बोलने वाला शख्स खुद को गैंग के करीबी जीशान अख्तर के रूप में पेश कर रहा है. जीशान अख्तर का नाम बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी सामने आया था और वह इस मामले में वांछित है.
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर धमकी देने वाला शख्स सैफ अली खान की पत्नी करीना कपूर से जुड़े एक विवाद का जिक्र करता है. वह कहता है कि करीना की कथित गलती की सजा सैफ को भुगतनी पड़ सकती है. ऑडियो में आगे सैफ को उनके पिछले चाकू हमले की याद दिलाते हुए कहा जाता है कि उस समय वह बच गए थे, लेकिन इस बार गोली लगने पर उनका हाल बाबा सिद्दीकी जैसा हो सकता है.
पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि क्या इस धमकी के पीछे वास्तव में जीशान अख्तर का हाथ है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है. जांच का मकसद धमकी देने वाले की असली पहचान और ऑडियो की प्रामाणिकता का पता लगाना है.
धमकियों के बाद मुंबई के कई फिल्मी कलाकारों ने विशेष सुरक्षा की मांग की है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन मांगों और धमकियों की जांच मुंबई पुलिस की प्रोटेक्शन ब्रांच कर रही है. खतरे का आकलन करने के बाद कुछ कलाकारों को एक्स-श्रेणी की सुरक्षा दिए जाने पर विचार हो सकता है. इस श्रेणी में आमतौर पर दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं. हालांकि, अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है.