बॉलीवुड की दिग्गज अदाकारा जीनत अमान आज यानी 19 नवंबर को अपना 75वां जन्मदिन मना रही हैं. 70 के दशक में अपनी खूबसूरती, शानदार अभिनय और बेबाक अंदाज से पहचान बनाने वाली जीनत अमान ने हिंदी सिनेमा में एक अलग मुकाम हासिल किया.
उन्होंने अपने दौर के कई बड़े अभिनेताओं और फिल्ममेकर्स के साथ काम किया. पर्दे पर उनके बोल्ड अंदाज और फैशन की खूब चर्चा हुई. हालांकि, उनकी निजी जिंदगी भी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही. दो शादियां करने के बावजूद उन्हें जिंदगी में अकेलेपन का सामना करना पड़ा.
जीनत अमान का जन्म 19 नवंबर 1951 को मुंबई में हुआ था. उनके पिता का नाम अमानुल्लाह खान और मां का नाम वर्धिनी सिद्दीकी था. जब जीनत महज दो साल की थीं, तभी उनके माता-पिता अलग हो गए थे. उनके पिता लेखन के क्षेत्र से जुड़े थे और अमान नाम से जाने जाते थे. जीनत ने बाद में अपने पिता के इसी नाम को अपने नाम के साथ जोड़ लिया और अमान को सरनेम के रूप में इस्तेमाल करने लगीं.
जीनत अमान ने साल 1971 में फिल्म 'हलचल' से हिंदी सिनेमा में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी. इसी साल वह फिल्म 'हंगामा' में भी नजर आईं. उस समय उनकी उम्र महज 19 साल थी. हालांकि, उन्हें असली पहचान देव आनंद के साथ फिल्म 'हरे रामा हरे कृष्णा' से मिली. फिल्म का गाना 'दम मारो दम' जबरदस्त हिट हुआ और जीनत अमान घर-घर में पहचानी जाने लगीं.
इसके बाद उन्होंने 'यादों की बारात', 'सत्यम शिवम सुंदरम', 'शालीमार', 'डॉन' और 'अलीबाबा' जैसी कई फिल्मों में काम किया. जीनत अपने दौर की उन अभिनेत्रियों में शामिल थीं, जिन्होंने हिंदी सिनेमा में बोल्डनेस और फैशन को नई पहचान दी. बिकिनी पहनने से लेकर छोटे कपड़ों तक, उनका अंदाज उस समय काफी चर्चा में रहता था. हालांकि, शानदार फिल्मी सफर के बावजूद उन्हें अपने करियर में वह मुकाम नहीं मिल पाया, जिसकी वह हकदार थीं.
जीनत अमान की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने साल 1978 में अभिनेता और फिल्ममेकर संजय खान से शादी की थी. हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और 1979 में दोनों अलग हो गए. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस शादी के दौरान जीनत को मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा था.
बताया जाता है कि एक बार संजय खान ने उनके साथ इतनी बुरी तरह मारपीट की थी कि उनका जबड़ा तक टूट गया था. इस घटना ने जीनत को गहरे मानसिक और शारीरिक दर्द से गुजारा. उनकी पहली शादी का अंत काफी दर्दनाक रहा.
पहली शादी टूटने के बाद जीनत अमान ने साल 1985 में अभिनेता मजहर खान से दूसरी शादी की. इस रिश्ते से उन्हें दो बेटे हुए. हालांकि, उनकी दूसरी शादी भी ज्यादा खुशहाल नहीं रही. साल 1998 में बीमारी के चलते मजहर खान का निधन हो गया. इसके बाद जीनत अकेले ही अपने बच्चों की जिम्मेदारी संभालती रहीं.
एक इंटरव्यू में जीनत अमान ने अपनी दोनों शादियों को जिंदगी की बड़ी गलतियां बताया था. इस तरह शानदार फिल्मी करियर बनाने वाली जीनत अमान की निजी जिंदगी में कई मुश्किलें आईं. आज भी वह अपने बेबाक विचारों और शानदार अभिनय के लिए जानी जाती हैं.