Mysaa Teaser: रश्मिका मंदाना की फिल्म 'मायसा' का टीजर हाल ही में रिलीज हो गया है. इस टीजर में रश्मिका को पूरी तरह एक्शन हीरोइन के रूप में देखा जा रहा है. फैंस कह रहे हैं कि यह टीजर उन लोगों को करारा जवाब है जो हमेशा हीरोइन को सिर्फ ग्लैमर तक सीमित रखते हैं.
फिल्म की कहानी एक मजबूत और निडर आदिवासी महिला पर आधारित है. रश्मिका गोंड जनजाति की लड़की का किरदार निभा रही हैं. निर्देशन डेब्यू करने वाले रविंद्र पुल्ले कर रहे हैं. टीजर की शुरुआत में रश्मिका का किरदार कहता है- 'मैं थक गई हूं, मैं रुक गई हूं, मैं हार गई हूं.' लेकिन इसके बाद वह हार नहीं मानती और लड़ने का फैसला करती है.
टीजर में रश्मिका हाथ में दरांती लेकर दुश्मनों के हाथ-पैर काटती नजर आती हैं. वह गर्दन पर लात मारकर तोड़ती हैं. बाइक पर सवार होकर एक्शन करती हैं और पानी के अंदर भी दुश्मनों से भिड़ती हैं. ये सीन देखकर साफ है कि फिल्म में रश्मिका ने कोई ग्लैमरस लुक नहीं लिया है. पूरा फोकस एक्शन और किरदार पर है.
इस भूमिका के लिए रश्मिका को काफी शारीरिक मेहनत करनी पड़ी. एक्शन सीक्वेंस शूट करते समय उन्हें चोट भी लगी. एक महत्वपूर्ण सीन के दौरान उनका टेंडन अलग हो गया था. फिर भी उन्होंने शूटिंग जारी रखी.
फैंस का रिएक्शन काफी सकारात्मक है. यूट्यूब पर लोग लिख रहे हैं कि महिला मुख्य भूमिका वाली फिल्म ऐसी ही होनी चाहिए. कई लोगों ने कहा कि पहली बार किसी हीरोइन को सिर्फ ग्लैमर के लिए नहीं, बल्कि एक्टिंग और एक्शन के लिए कास्ट किया गया है. कुछ फैंस तो फिल्म को ब्लॉकबस्टर का दावा भी कर रहे हैं. उनका मानना है कि अच्छी कहानी, संस्कृति का चित्रण और जोरदार एक्शन मिलकर फिल्म को सफल बनाएंगे.
'मायसा' रश्मिका के करियर में एक नया अध्याय खोल सकती है. अब तक वे ज्यादातर रोमांटिक और ड्रामा फिल्मों में दिखी हैं. इस बार वे पूरी तरह एक्शन में उतर आई हैं. टीजर देखने के बाद फैंस उत्सुक हैं कि पूरी फिल्म कैसी होगी.