तीन बार ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके प्रसिद्ध संगीतकार रिकी केज ने एक चौंकाने वाली घटना का खुलासा किया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि जोमैटो के एक डिलीवरी एजेंट ने उनके बेंगलुरु स्थित घर में घुसकर चोरी की है. रिकी केज ने सोशल मीडिया पर इस घटना की जानकारी देते हुए CCTV फुटेज और तस्वीरें शेयर की हैं.
उन्होंने जोमैटो कंपनी और बेंगलुरु पुलिस से मदद की अपील की है. यह घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है. रिकी केज के अनुसार आरोपी व्यक्ति पहले घर के आसपास घूमकर जगह का जायजा लेने आया था. करीब 15 मिनट बाद वह वापस लौटा और घर में घुसकर सम्प कवर (नाली का ढक्कन) चुरा ले गया.
रिकी ने कहा कि शायद यह व्यक्ति पहली बार ऐसा अपराध नहीं कर रहा है. रिकी केज ने अपने पोस्ट में लिखा, 'मैं लुट गया! जोमैटो के एक ड्राइवर ने मेरे घर में घुसकर सम्प कवर चुरा लिया. यह शाम 6 बजे की बात है. वे पहले रेकी करने आए थे और फिर अपराध किया.' उन्होंने दो अलग-अलग एंगल से रिकॉर्ड हुई CCTV वीडियो क्लिप्स शेयर कीं. साथ ही आरोपी के चेहरे की तस्वीरें और उसके वाहन की नंबर प्लेट भी पोस्ट की. वाहन एक लाल होंडा एक्टिवा स्कूटर है, जिसकी नंबर प्लेट KA03 HY 8751 दिख रही है.
इस पोस्ट में रिकी केज ने जोमैटो और बेंगलुरु पुलिस को टैग किया और पूछा कि क्या वे इस व्यक्ति की पहचान करने में मदद कर सकते हैं. उन्होंने आम लोगों से भी सतर्क रहने की सलाह दी. उन्होंने कहा, 'लोगों, सावधान रहें. आपके साथ भी ऐसा हो सकता है!' जोमैटो कंपनी ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह घटना चिंताजनक है और वे इसकी जांच कर रहे हैं. बेंगलुरु पुलिस ने भी रिकी केज से संपर्क करने को कहा है. रिकी केज एक विश्व प्रसिद्ध संगीतकार हैं. वे तीन ग्रैमी अवॉर्ड जीत चुके हैं और पद्म श्री से भी सम्मानित हैं. वे पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सक्रिय हैं.