menu-icon
India Daily

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का पहला आधिकारिक विदेशी दौरा, भारत के लिए हुए रवाना

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर दो दिवसीय भारत यात्रा के लिए रविवार को नई दिल्ली रवाना हुए. 23 नवंबर को उनकी पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह का पहला आधिकारिक विदेशी दौरा, भारत के लिए हुए रवाना
Courtesy: @PM_nepal_ X Account

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह रविवार को दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर भारत के लिए रवाना हो गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर हो रही इस यात्रा के दौरान वह नई दिल्ली में भारतीय नेतृत्व के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे. दोनों देशों के बीच व्यापार, पारगमन, आर्थिक सहयोग और आपसी संबंधों को मजबूत बनाने जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है. प्रधानमंत्री शाह 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे.

नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट X पर शाह के भारत दौरे की जानकारी दी. प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह नेपाल वायुसेवा के विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए. उनके साथ नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, प्रधानमंत्री के मुख्य सलाहकार कुमार ब्यंजनकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद हैं. इस यात्रा में कुल 35 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल शामिल है.

व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद

इसके अलावा 52 सदस्यीय व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल भी प्रधानमंत्री के साथ भारत पहुंच रहा है. यह प्रतिनिधिमंडल अपने खर्च पर इस यात्रा में शामिल हो रहा है. इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

प्रधानमंत्री बनने के बाद पहला द्विपक्षीय भारत दौरा

प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह का पद संभालने के बाद यह पहला द्विपक्षीय विदेश दौरा है. नेपाल में 5 मार्च को हुए चुनाव के बाद उन्होंने 27 मार्च को प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. हालांकि, इससे पहले वह सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क जा चुके हैं. अपनी भारत यात्रा के दौरान शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे. इसके अलावा वह दिल्ली स्थित राजघाट पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे.

23 नवंबर को PM मोदी के साथ होगी अहम बैठक

नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय ने शुक्रवार को प्रेस ब्रीफिंग में बताया था कि प्रधानमंत्री शाह 23 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे. इस बैठक में दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी.

वार्ता के बाद दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाली प्रधानमंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल के सम्मान में दोपहर के भोज का आयोजन भी करेंगे. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से मुलाकात करेंगे.

भारत से इन मुद्दों पर सहयोग चाहता है नेपाल

नेपाल सरकार इस यात्रा के दौरान भारत के सामने कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठा सकती है. इनमें भारत से हवाई प्रवेश के लिए अतिरिक्त हवाई मार्ग हासिल करना प्रमुख है. इसके अलावा 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के बाद पुनर्निर्माण कार्यों के लिए पर्याप्त वित्तीय सहायता प्राप्त करना भी नेपाल की प्राथमिकताओं में शामिल है.

नेपाल व्यापार और पारगमन यानी ट्रांजिट से जुड़े मामलों में भी भारत से रियायतें चाहता है. इन मुद्दों पर होने वाली बातचीत दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

ऐतिहासिक रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती

भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और मानवीय संबंध रहे हैं. दोनों देश भौगोलिक रूप से एक-दूसरे के पड़ोसी होने के साथ व्यापार, सुरक्षा, ऊर्जा और विकास के क्षेत्र में भी सहयोग करते हैं. भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की इस यात्रा से दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नई गति मिलने की उम्मीद है. साथ ही आपसी सहयोग के नए अवसरों पर भी चर्चा होगी. प्रधानमंत्री शाह 23 नवंबर को अपनी यात्रा पूरी कर काठमांडू लौटेंगे.