menu-icon
India Daily

सुबह गिरा बाजार, फिर अचानक दौड़ा सेंसेक्स! आखिर क्या हैं इस जोरदार वापसी के 4 बड़े कारण?

2 जून को शेयर बाजार ने शानदार वापसी की और सेंसेक्स 382 अंक व निफ्टी 100 अंक चढ़कर बंद हुए. आईटी शेयरों में भारी खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को मजबूती मिली.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
सुबह गिरा बाजार, फिर अचानक दौड़ा सेंसेक्स! आखिर क्या हैं इस जोरदार वापसी के 4 बड़े कारण?
Courtesy: ai generated

मुंबई: शुरुआती कारोबार में लाल निशान देखकर जिन निवेशकों की धड़कनें बढ़ गई थीं उनके चेहरों पर शाम होते-होते एक बड़ी मुस्कान लौट आई है. शेयर बाजार ने आज ऐसा पलटीमार दांव खेला कि मंदी के सारे कयास धरे के धरे रह गए. भारतीय शेयर बाजार ने 2 जून को कमजोर शुरुआत से उबरते हुए जबरदस्त वापसी की है.

सुबह के घाटे को पूरी तरह से पाटकर दोनों प्रमुख इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुए. सेंसेक्स 382.50 अंकों की छलांग लगाकर 74,649.84 पर बंद हुआ जबकि निफ्टी 100.95 अंक चढ़कर 23,483.55 के स्तर पर आ गया. आपको बता दें कि दिन के निचले स्तर से सेंसेक्स करीब 800 अंक संभला वहीं निफ्टी ने 23,450 के महत्वपूर्ण आंकड़े को फिर से पार कर लिया.

'वैल्यू बाइंग' ने बाजार को दिया सपोर्ट

बाजार में इस शानदार यू-टर्न की सबसे बड़ी वजह रही 'वैल्यू बाइंग'. पिछले कई दिनों की लगातार सुस्ती के बाद निवेशकों को अच्छे और मजबूत शेयरों की कीमतें काफी आकर्षक लग रही थीं जिससे उन्होंने कम दाम में जमकर खरीदारी की. आईसीआईसीआई बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल जैसी दिग्गज कंपनियों के शेयरों ने निचले स्तरों से जो रफ्तार पकड़ी उसने पूरे बाजार को ऊपर खींच लिया.

आईटी सेक्टर में तेजी

इस तेजी में सबसे बड़ा हाथ आईटी IT सेक्टर का रहा जहां लगातार तीसरे दिन चौतरफा खरीदारी देखने को मिली. आईटी की दो दिग्गज कंपनियों इंफोसिस और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयर करीब 5-5% तक उछल गए. इसके चलते निफ्टी आईटी इंडेक्स ने बड़ी बढ़त बनाई और पिछले एक महीने के अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया.

'इंडिया विक्स' 7% गिरा

इसके अलावा बाजार के लिए एक और राहत की बात यह रही कि 'इंडिया विक्स' यानी डर का पैमाना करीब 7% तक गिर गया. इससे साफ पता चलता है कि अब निवेशकों के मन से उतार-चढ़ाव का डर थोड़ा कम हो रहा है.

कच्चे तेल की कीमतों में आई गिरावट

ग्लोबल मार्केट से भी अच्छे संकेत मिले. कच्चे तेल की कीमतों में करीब 1.6% की गिरावट आई. भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश के लिए कच्चे तेल का सस्ता होना हमेशा एक अच्छी खबर होती है क्योंकि इससे महंगाई का दबाव कम होता है. कुल मिलाकर आईटी सेक्टर की चमक, कम होती घबराहट और सस्ते तेल के दम पर भारतीय बाजार ने आज मंदी को मात देकर एक शानदार क्लोजिंग की है.