नई दिल्ली: डलास-फोर्ट वर्थ से नेवार्क जा रही अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब उड़ान के करीब दो घंटे बाद एक यात्री अचानक हिंसक हो गया. यात्री ने जोर जोर से चिल्लाने के साथ अपने बगल में बैठे व्यक्ति पर हमला कर दिया. हालात बिगड़ते देख यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने मिलकर उसे काबू किया. बताया गया कि उसके हाथों को जिप टाई और फ्लेक्सिबल हैंडकफ से सुरक्षित करने के बाद उसे फर्स्ट क्लास की सीट से डक्ट टेप की मदद से बांध दिया गया.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, घटना के दौरान विमान करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर था. प्रत्यक्षदर्शी जुआन मेजिया ने बताया कि शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन अचानक यात्री का व्यवहार पूरी तरह बदल गया. वह चिल्लाने लगा और क्रू मेंबर्स के साथ बदतमीजी करने लगा. इसके बाद उसने अपने बगल में बैठे यात्री की गर्दन पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
🇺🇸 American Airlines passenger DUCT-TAPED to seat on flight forced to divert over his terrifying tirade. 🫢
— Emma’s Last Stand (@EmmasLastStand) September 5, 2026
Meanwhile at Spirit Airlones ground staff dealt with delays by turning everyone’s frustration into a rally. 😂
I’m convinced America is the longest running reality show… pic.twitter.com/3ISqj8MzKR
रिटायर्ड लॉ एनफोर्समेंट अधिकारी जुआन मेजिया और एक अन्य यात्री रिचर्ड ओलेनिक ने स्थिति को संभालने में मदद की. क्रू मेंबर्स ने उन्हें जिप टाई और फ्लेक्सिबल हैंडकफ उपलब्ध कराए. इसके बावजूद यात्री शांत नहीं हुआ. उसकी गतिविधियों को नियंत्रित करने के लिए उसे फर्स्ट क्लास की सीट से बांध दिया गया.
घटना के कारण विमान को अपने निर्धारित मार्ग से हटकर बाल्टीमोर में उतारना पड़ा. लैंडिंग सुरक्षित रही और बाद में विमान ने नेवार्क के लिए अपनी यात्रा पूरी की. नेवार्क पहुंचने के बाद कानून लागू करने वाली एजेंसियों और मेडिकल टीम ने विमान में पहुंचकर आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया. उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है.
अमेरिकन एयरलाइंस ने इस घटना के दौरान तेजी से कार्रवाई करने वाले अपने क्रू मेंबर्स की सराहना की. एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अब पूरे मामले की जांच FBI कर रही है. एजेंसी यात्रियों और क्रू मेंबर्स से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यात्री अचानक हिंसक क्यों हुआ और घटना की शुरुआत किस तरह हुई. जांच पूरी होने के बाद मैरीलैंड के यूएस अटॉर्नी ऑफिस से सलाह लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी.