चीन के शेनझेन शहर में 32 वर्षीय उद्यमी झांग शियाओकियाओ ने एक अनूठा बिजनेस शुरू किया है. उनकी कंपनी 'सुमा' (Suma) लोगों के शरीर और पीठ की खुजली मिटाने के लिए प्रोफेशनल सर्विस देती है. मसाज पार्लर जैसे माहौल में ट्रेंड स्टाफ विशेष रूप से तैयार नुकीले नाखूनों से ग्राहकों के शरीर को आराम से सहलाते हैं.
इस सर्विस की फीस 300 युआन (लगभग 4,200 रुपये) प्रति घंटा है. इसका मुख्य उद्देश्य तनाव दूर करना और बेहतर नींद में मदद करना है. मई और जून में दो आउटलेट खोलने के बाद, झांग का कुल मासिक रेवेन्यू 1,00,000 युआन (करीब 14 लाख रुपये) तक पहुंच गया है. यहां आने वाले लगभग 70 प्रतिशत ग्राहक पुरुष हैं.
झांग को यह विचार एक वायरल वीडियो और अपने बचपन की यादों से मिला, जब उनके पिता उन्हें सुलाने के लिए पीठ सहलाया करते थे. पहले सात नौकरियां और दो ई-कॉमर्स बिजनेस बदल चुके झांग ने बिना किसी पुराने मॉडल के इस तकनीक को खुद तैयार किया.
मेट्रो शहरों के तनावभरे जीवन में इस सर्विस की भारी मांग है. कई ग्राहक इसे पारंपरिक मसाज से भी ज्यादा आरामदायक मानते हैं. झांग अब पूरे चीन में इसके 100 आउटलेट खोलने और इसे एक नया प्रोफेशन बनाने की योजना बना रहे हैं.