menu-icon
India Daily

खतरे में बॉडीगार्ड्स की नौकरी! चीन ने बना डाला कुंग फू लीजेंड रोबोट; हर खतरे से करेगा इंसान की सुरक्षा

चीन की कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स (Unitree Robotics) ने H2-X नाम का एक ह्यूमनॉइड रोबोट बनाया है, जो हर तरह के स्टंट करने से लेकर, इंसानों की दुश्मन के हमलों से सुरक्षा और रेस्क्यू ऑपरेशन तक करने में माहिर है.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
खतरे में बॉडीगार्ड्स की नौकरी! चीन ने बना डाला कुंग फू लीजेंड रोबोट; हर खतरे से करेगा इंसान की सुरक्षा
Courtesy: Unitree Robotics

AI की दुनिया में चीन नए कीर्तिमान गड़ता जा रहा है. ताजा जानकारी के मुताबिक, चीन की कंपनी यूनिट्री रोबोटिक्स (Unitree Robotics) ने H2-X नाम का एक ह्यूमनॉइड रोबोट बनाया है, जो हर तरह के स्टंट करने से लेकर, इंसानों की दुश्मन के हमलों से सुरक्षा और रेस्क्यू ऑपरेशन करने तक में माहिर है.

कंपनी ने जारी किया वीडियो

कंपनी ने रोबोट का एक वीडियो भी जारी किया है जिसमें वह ऊंचाई से कूद रहा है, करतब दिखा रहा है और भारी भरकम कार को उठाता हुआ दिखाई दे रहा है. 21 अक्टूबर को शेयर किए गए इस वीडियो में H2-X रोबोट को कुंग फू लीजेंड गार्जियन नाम दिया गया है. इस वीडियो से अंदाजा लगाया जा सकता है कि चीन रोबोटिक्स और AI की दौड़ में नंबर 1 बने रहने के लिए किस सोच के साथ काम कर रहा है.

एक घूसे में पिचकाई कार

वीडियो में H2-X रोबोट की शारीरिक शक्ति को देखा जा सकता है. वह कार पर लात और घूसे से प्रहार कर कार को पिचका देता है. वह ऊंचाई से कूदता है और फिसलता हुआ स्टंट भी करता है. यही नहीं वह चार फीट की ऊंचाई से कूदता है और अपने पैरों पर सीधा घड़ा हो जाता है.

एक अन्य दृश्य में वह एक पुरुष के चाकू के बार से महिला को बचाता हुआ भी दिखाई देता है. यही नहीं एक दृश्य में वह एक शख्स को कार के नीचे आने से बचा लेता है.

बॉडीगार्ड की नौकरी पर मंडराया खतरा

कंपनी ने कहा है कि उसने H2-X रोबोट को खतरनाक परिस्थितियों से इंसानों को बचाने के लिए बनाया है. कंपनी ने कहा कि सिंगल चार्ज में यह रोबोट लगातार 8 घंटे तक काम कर सकता है. हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया कि किसी काम को करने की स्थिति में इसकी बैटरी कितनी देर तक चलेगी.

कंपनी ने यह भी नहीं बताया कि क्या यह रोबोट अपने आप काम करेगा या इसे किसी कमांड की जरूरत होगी. वीडियो में जो कुछ दिखाया गया है, वे सारे सीन रोबोट के लिए क्रिएट किए गए थे, जिससे ये साबित नहीं होता कि ये रोबोट असली खतरों को स्वतंत्र पूर से पहचान पाएगा और उसके अनुसार काम कर पाएगा.

यह भी साफ नहीं है कि अप्रत्याशित हमले की स्थिति और ऐसी परिस्थितियों में जो वीडियो में दिखाई ही नहीं गई हैं, उनमें यह रोबोट किस तरह से काम करेगा. इसके अलावा H2-X रोबोट की कीमत और उसकी लॉन्चिंग डेट के बारे में भी कुछ नहीं बताया गया है.