महाराष्ट्र के पुणे में 30 साल की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद उसके मायके वालों ने कथित तौर पर ससुराल के घर पर पथराव किया. महिला का शव सोमवार को मुकुंद नगर स्थित अक्षय हाइट्स सोसाइटी के पुराने फ्लैट में पंखे से लटका मिला. मृतका की पहचान पायल अक्षय जांबरे के रूप में हुई है. उनके रिश्तेदारों ने ससुराल वालों पर दहेज और अन्य मांगों को लेकर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है.
पायल की शादी करीब पांच साल पहले अक्षय जांबरे से हुई थी. दंपति की चार साल की एक बेटी है. पायल एक IT कंपनी में काम करती थीं. पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह स्वारगेट पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस की टीम अक्षय हाइट्स सोसाइटी पहुंची, जहां पायल का शव छत के पंखे से लटका मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
बताया जा रहा है कि घटना का पता तब चला जब पायल की एक रिश्तेदार ने उनके भाई को बताया कि वह रविवार रात से दिखाई नहीं दे रही थीं. इसके बाद उनके भाई ऋषिकेश को जानकारी दी गई और परिवार को घटना का पता चला.
स्वारगेट पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर क्राइम विकास तुकाराम भरमल ने बताया कि पुलिस को सुबह कंट्रोल रूम से घटना की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने महिला को पंखे से लटका हुआ पाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
#WATCH: Angry relatives of 30-year-old Payal Zambre, found dead at her Mukund Nagar flat in #Pune, pelted her in-laws' house with stones following the incident. Family has alleged dowry harassment. Her husband & in-laws have reportedly gone missing. Police investigation underway. https://t.co/nlTvZcEZ20
— Varad Bhatkhande | Journalist (@VaradBhatkhande) November 2, 2026
पायल के रिश्तेदारों ने आरोप लगाया है कि उनके ससुराल वाले दहेज और अन्य मांगों को लेकर उन्हें लगातार परेशान करते थे. रिश्तेदारों का दावा है कि इस कथित प्रताड़ना के कारण पायल ने यह कदम उठाया हो सकता है. हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी पुष्टि नहीं हुई है.
पायल के रिश्तेदार जनार्दन पवार ने आरोप लगाया कि दिवाली के मौके पर हर साल ससुराल की ओर से सोने की मांग की जाती थी. उनके मुताबिक, इस साल परिवार ने 5 से 10 तोला सोना देने में असमर्थता जताई और अगले साल तक इंतजार करने को कहा. आरोप है कि इसके बाद भी पायल पर दबाव बनाया गया और उन्हें मानसिक तथा शारीरिक रूप से परेशान किया गया.
रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के बाद पायल के पति, ससुर और सास वहां से चले गए. महिला की मौत की खबर मिलने के बाद मायके पक्ष के लोगों में नाराजगी फैल गई और कथित तौर पर उन्होंने ससुराल के घर पर पथराव किया. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर महिला की मौत की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी. दहेज प्रताड़ना से जुड़े रिश्तेदारों के आरोपों की भी जांच की जा रही है.