मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के मंच पर अपनी खूबसूरती और समझदारी से पहचान बनाने वाली उमांगा कुमावत इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. उमांगा प्रतियोगिता की टॉप-20 फाइनलिस्ट्स में शामिल रही थीं, लेकिन पैजेंट खत्म होने के बाद उन्होंने ग्लैमर की दुनिया में करियर बनाने के बजाय अपनी कॉर्पोरेट नौकरी पर वापस लौटने का फैसला किया.
जयपुर में आयोजित मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के नेशनल फिनाले में देशभर से चुनी गई 52 फाइनलिस्ट्स ने हिस्सा लिया था. उमांगा कुमावत ने इस प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया और टॉप-20 में जगह बनाई. हालांकि खिताब केरल की काजिया लिज मेजिया ने जीता, लेकिन उमांगा ने अपने अलग अंदाज से लोगों का ध्यान खींचा.
उमांगा बेंगलुरु स्थित गूगल ऑफिस में क्लाउड इंजीनियर के तौर पर काम करती हैं. पैजेंट में हिस्सा लेने के बाद उन्होंने अपने प्रोफेशनल करियर को जारी रखा और जल्द ही ऑफिस लौट गईं. उनका यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि ब्यूटी पैजेंट में आने वाली कई प्रतियोगी आगे मॉडलिंग, एक्टिंग या एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का रास्ता चुनती हैं.
उमांगा ने सोशल मीडिया पर अपने ऑफिस रूटीन का एक 'डे इन माय लाइफ' वीडियो भी शेयर किया है. इसमें उन्होंने दिखाया कि पैजेंट की चमक-दमक से निकलने के बाद उनकी रोजमर्रा की जिंदगी कैसी रहती है.
वीडियो में उमांगा का दिन करीब 9:30 बजे शुरू होता है. ऑफिस जाने के लिए कपड़े चुनने के बाद वह रेड ट्राउजर और ब्लैक टॉप पहनती हैं. इसके बाद लैपटॉप स्लीव, बैकपैक और ईयरबड्स लेकर गूगल कैंपस के लिए निकल जाती हैं.
करीब 10:30 बजे वह ऑफिस के वेलनेस सेंटर में वर्कआउट करती हैं. ट्रेडमिल पर रनिंग और लेग एक्सरसाइज करने के बाद वह ऑफिस के काम के लिए तैयार होती हैं. दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने काम में व्यस्त नजर आती हैं, जहां लैपटॉप और नोटबुक के साथ उनका वर्क मोड शुरू हो जाता है.
उमांगा के वीडियो में उनका लंच टाइम भी दिखाई देता है. दोपहर करीब 2:10 बजे वह गूगल कैफेटेरिया में नूडल सूप और ग्रीन वेजीज खाती हैं. इसके बाद करीब 3 बजे वह दोबारा अपनी डेस्क पर काम शुरू कर देती हैं. शाम करीब 4:30 बजे वह ऑफिस के एक शांत लाउंज में बैठकर काम करती दिखाई देती हैं. इसके बाद करीब 5:30 बजे वह कियोस्क से हॉट कॉफी लेती हैं और फिर लिफ्ट की ओर जाती हैं.
ग्लैमर और कॉर्पोरेट करियर को एक साथ संभालने वाली उमांगा का यह रूटीन सोशल मीडिया यूजर्स को पसंद आ रहा है. लोग उनके वीडियो की तारीफ करते हुए कह रहे हैं कि उन्होंने यह दिखाया है कि ब्यूटी पैजेंट में हिस्सा लेना और प्रोफेशनल करियर जारी रखना एक साथ संभव है.