केरल प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष के सुधाकरण मुश्किलों में हैं. उनके कन्नूर स्थित आवास में कुछ ऐसी चीजें मिली हैं, जिनके बाद कहा जा रहा है कि यहां काला जादू हुआ है. उनके आवास से काले जादू से जुड़ा एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ ऐसे अवशेष नजर आ रहे हैं, जो इशारा कर रहे हैं कि यहां तांत्रिक क्रियाएं कराई गई हैं. एक शख्स कुछ खोदता हुआ नजर आ रहा है, जिसमें अवशेष नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर ये वीडियो तेजी से वायरल भी हो रहा है.
एक शख्स जमीन खोद रहा है और मिट्टी का बर्तन फोड़ रहा है. उसमें से कुछ तांबे की प्लेट और मूर्तियां निकलती हुई नजर आ रही हैं. वीडियो में सुधाकरण और कासरगोड़ के सांसद राजमोहन उन्नीथन के बीच बातचीत हो रही है. यह काला जादू उन्होंने खुद कराया है, या उनके घर कराया गया है, इसे लेकर अभी कोई स्पष्टता नहीं है.
सुधाकरण उन्नीथन से यह कह रहे हैं कि उन्हें शक है कि स्वास्थ्य की वजह से काला जादू कराया गया था. सुधाकरण के आवास से कुल 20 तांबे की प्लेटें मिलीं. घर से कई ऐसी चीजें बरामद की गई हैं, जिन्हें काले जादू की प्रक्रिया में इस्तेमाल किया जाता है.
के सुधाकरण से जब तिरुवनंतपुरम में मीडिया ने सवाल किया तो उन्होंने कहा कि यह बहुत पुरानी बात है. कोई भी उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएगा. उन्हें नहीं लगता है कि किसी ने ऐसी कोशिश की है. कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने हाल ही में आरोप लगाया था कि कन्नूर में एक मंदिर के पास उनके विरोधियों ने उन्हें खत्म करने के लिए पशु बलि दी थी.