menu-icon
India Daily

सोने पर लिखा 6 अंकों का HUID कोड क्या राज खोलता है? खरीदने से पहले जरूर जान लें ये सीक्रेट

सोना खरीदते समय केवल हॉलमार्क पर भरोसा न करें. गहने पर मौजूद 6 अंकों के HUID को BIS Care App में वेरिफाई करके उसकी शुद्धता, कैरेट और ज्वेलर की जानकारी आसानी से जांची जा सकती है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
सोने पर लिखा 6 अंकों का HUID कोड क्या राज खोलता है? खरीदने से पहले जरूर जान लें ये सीक्रेट
Courtesy: Chatgpt (Representative image)

नई दिल्ली: सोना खरीदना भारत में केवल निवेश नहीं बल्कि विश्वास और परंपरा का हिस्सा माना जाता है लेकिन कई बार ग्राहक केवल हॉलमार्क देखकर ही गहने खरीद लेते हैं, जबकि नकली हॉलमार्क के जरिए धोखाधड़ी के मामले भी सामने आते रहते हैं. ऐसे में भारतीय मानक ब्यूरो यानी BIS द्वारा लागू किया गया 6 अंकों का HUID कोड ग्राहकों के लिए सबसे बड़ा सुरक्षा कवच बन गया है.

HUID यानी Hallmark Unique Identification Number एक छह अंकों का यूनिक अल्फान्यूमेरिक कोड होता है, जिसे हर हॉलमार्क वाले सोने के गहने पर लेजर की मदद से अंकित किया जाता है. यह कोड हर गहने के लिए अलग होता है और इसकी मदद से उस गहने की पूरी जानकारी सरकारी रिकॉर्ड में सुरक्षित रहती है.

कैसे जारी होता है HUID कोड जारी?

जब कोई ज्वेलर सोने का गहना तैयार करता है, तो उसे BIS से मान्यता प्राप्त असेसिंग एंड हॉलमार्किंग सेंटर में जांच के लिए भेजा जाता है. जिसके बाद गहने की शुद्धता की जांच की जाती है. यदि गहना तय मानकों पर खरा उतरता है, तभी उसे HUID कोड जारी किया जाता है. इस कोड से गहने की कैरेट, शुद्धता, हॉलमार्किंग की जानकारी और संबंधित ज्वेलर का रिकॉर्ड डिजिटल रूप से दर्ज रहता है.

ग्राहक कैसे कर सकते हैं जांच?

ग्राहक अपने मोबाइल से भी इस कोड की जांच कर सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले Google Play Store या Apple App Store से सरकारी BIS Care App डाउनलोड करें. इसके बाद ऐप खोलकर Verify HUID विकल्प पर जाएं. अब गहने पर लिखा HUID दर्ज करें और सर्च करें. यदि गहना असली है, तो उसकी शुद्धता, कैरेट, ज्वेलर का नाम और हॉलमार्किंग से जुड़ी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी.

कहां और कैसे दर्ज कराएं शिकायत?

यदि HUID दर्ज करने पर Record Not Found दिखाई दे या जानकारी मेल न खाए, तो सतर्क हो जाएं. ऐसी स्थिति में गहने की दोबारा जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर BIS में शिकायत दर्ज करें. सोना खरीदते समय हमेशा यह भी सुनिश्चित करें कि गहने पर BIS का लोगो, शुद्धता का निशान जैसे 22K916 और 6 अंकों का HUID स्पष्ट रूप से अंकित हो. साथ ही खरीदारी के बिल पर भी HUID नंबर जरूर लिखवाएं.

क्या है HUID प्रणाली का उद्देश्य?

विशेषज्ञों का कहना है कि HUID प्रणाली का उद्देश्य ग्राहकों को नकली हॉलमार्क और मिलावटी सोने से बचाना है. इसलिए सोना खरीदते समय केवल हॉलमार्क देखकर संतुष्ट न हों, बल्कि HUID को BIS Care App पर जरूर जांचें. यह छोटी सी सावधानी आपके लाखों रुपये के निवेश को सुरक्षित बना सकती है.