Driving Licence Address Change: ड्राइविंग लाइसेंस में दर्ज पता अगर पुराना हो चुका है, तो उसे अपडेट कराना जरूरी है. घर बदलने के बाद कई लोग इस काम को टाल देते हैं, लेकिन आगे चलकर चालान, आरसी ट्रांसफर, लाइसेंस नवीनीकरण या दूसरी कानूनी प्रक्रिया के दौरान पुराना पता परेशानी खड़ी कर सकता है. अच्छी बात यह है कि अब पता बदलने के लिए हर बार आरटीओ कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ती.
ऑनलाइन आवेदन शुरू करने से पहले मौजूदा ड्राइविंग लाइसेंस की स्कैन कॉपी तैयार रखें. नए पते के प्रमाण के लिए आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, राशन कार्ड, रेंट एग्रीमेंट या तीन महीने से कम पुराना बिजली, पानी या टेलीफोन बिल इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके अलावा पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, सफेद कागज पर डिजिटल हस्ताक्षर और सेल्फ-डिक्लेरेशन मेडिकल फॉर्म एक की जरूरत बताई गई है.
परिवहन सारथी की वेबसाइट खोलकर अपना राज्य चुनें. इसके बाद ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवा में जाकर डीएल नंबर और जन्मतिथि दर्ज करें. प्रोफाइल की पुष्टि करने के बाद नया आरटीओ चुनें और सर्विस लिस्ट में ‘चेंज ऑफ ऐड्रेस इन डीएल’ विकल्प चुनें. नया पता भरने के बाद एड्रेस प्रूफ, फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी फॉर्म अपलोड करें. निर्धारित सरकारी शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करके एक्नॉलेजमेंट स्लिप डाउनलोड कर लें.
अगर आपने अपना राज्य बदल लिया है, तो प्रक्रिया थोड़ी अलग होगी. पुराने राज्य को चुनकर डीएल सेवा में जाएं और ‘इश्यू ऑफ एनओसी’ विकल्प चुनें. नए राज्य, नए आरटीओ और एनओसी का कारण दर्ज करके पुराने डीएल की कॉपी अपलोड करें और शुल्क जमा करें. वेरिफिकेशन के बाद पुराना आरटीओ एनओसी जारी करेगा. इसके बाद नए राज्य के पोर्टल पर एनओसी नंबर और जारी होने की तारीख दर्ज कर एड्रेस अपडेट के लिए आवेदन करना होगा.
ड्राइविंग लाइसेंस में पता बदलने की फीस लगभग 200 रुपये और पोस्टल चार्ज बताई गई है. सामान्य तौर पर इसमें 15 से 30 कार्यदिवस लग सकते हैं. दूसरे राज्य में जाने पर एनओसी के लिए राज्यों के अनुसार करीब 100 से 200 रुपये शुल्क हो सकता है और इसमें 7 से 15 कार्यदिवस लग सकते हैं. मंजूरी के बाद नया ड्राइविंग लाइसेंस स्पीड पोस्ट के जरिए नए पते पर भेजा जाएगा.