menu-icon
India Daily

वेटिंग टिकट वालों के लिए बड़ी खबर, चार्ट बनने के बाद भी हो सकता है कंफर्म; जानें रेलवे का ये नियम

चार्ट तैयार होने के बाद भी ट्रेन में कंफर्म टिकट मिल सकता है. रेलवे की Current Booking सुविधा के तहत चार्ट बनने के बाद खाली बची सीट या बर्थ को बुक किया जा सकता है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
वेटिंग टिकट वालों के लिए बड़ी खबर, चार्ट बनने के बाद भी हो सकता है कंफर्म; जानें रेलवे का ये नियम
Courtesy: Pinterest

त्योहारों का सीजन शुरू होते ही दिल्ली, मुंबई और दूसरे बड़े शहरों से घर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है. इस दौरान ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है और कई ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट दिखाई देती है. रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाती हैं, लेकिन यात्रियों की संख्या ज्यादा होने के कारण इनमें भी कंफर्म सीट मिलना आसान नहीं होता.

हालांकि, अगर आपकी टिकट बुक नहीं हो पाई है या वेटिंग में है तो एक विकल्प ऐसा भी है, जिसके जरिए ट्रेन चलने से पहले कंफर्म टिकट मिल सकता है. खास बात यह है कि इस सुविधा का फायदा चार्ट तैयार होने के बाद भी लिया जा सकता है, बशर्ते ट्रेन में कोई सीट या बर्थ उपलब्ध हो.

क्या है Current Booking सुविधा?

भारतीय रेलवे की ओर से यात्रियों को Current Booking की सुविधा दी जाती है. इसके तहत चार्ट तैयार होने के बाद अगर किसी ट्रेन में सीट या बर्थ खाली बचती है तो उसे दोबारा बुकिंग के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है. इसमें केवल कंफर्म टिकट ही बुक होता है. RAC या वेटिंग टिकट इस सुविधा के तहत जारी नहीं किया जाता.

मान लीजिए किसी ट्रेन का चार्ट तैयार हो चुका है और उस समय कोई सीट खाली नहीं थी. इसके बाद किसी यात्री ने अपना कंफर्म टिकट कैंसिल कर दिया या किसी अन्य वजह से सीट उपलब्ध हो गई. ऐसी स्थिति में वह सीट Current Booking के जरिए किसी दूसरे यात्री को मिल सकती है.

चार्ट बनने के बाद कैसे बुक करें टिकट?

Current Booking के तहत टिकट बुक करने के लिए IRCTC पर उपलब्ध सीटों को चेक किया जा सकता है. अगर ट्रेन में कोई सीट उपलब्ध दिखाई देती है तो यात्री उसे बुक कर सकता है. हालांकि, यह सुविधा तभी मिलेगी जब रेलवे की निर्धारित बुकिंग विंडो खुली हो और उस ट्रेन में सीट उपलब्ध हो.

इसका मतलब यह नहीं है कि चार्ट बनने के बाद हर ट्रेन में टिकट मिल जाएगा. यह पूरी तरह सीट की उपलब्धता पर निर्भर करता है. अगर कोई खाली सीट उपलब्ध नहीं है तो Current Booking के जरिए भी टिकट बुक नहीं किया जा सकता.

खाली सीट कैसे उपलब्ध होती है?

रिजर्वेशन के दौरान यात्रियों के टिकट कैंसिल करने से सीटों की स्थिति बदल सकती है. इसके अलावा चार्ट तैयार होने के समय RAC और वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों की स्थिति को भी रेलवे सिस्टम में अपडेट किया जाता है. इन सभी प्रक्रियाओं के बाद अगर किसी रूट या यात्रा के किसी हिस्से में सीट या बर्थ खाली बचती है तो उसे Current Booking के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है.

उदाहरण के तौर पर, अगर किसी यात्री ने चार्ट तैयार होने के बाद अपना कंफर्म टिकट कैंसिल कर दिया और उसकी सीट खाली हो गई, तो उपलब्धता होने पर वह सीट दूसरे यात्री को Current Booking के जरिए मिल सकती है.

Current Booking में क्या हैं नियम?

IRCTC की Current Booking व्यवस्था के तहत सामान्य यात्रियों के साथ एजेंट भी टिकट बुक कर सकते हैं. इस सुविधा में केवल E-Ticket बुक किया जाता है और केवल कंफर्म टिकट जारी होता है. RAC और वेटिंग टिकट की बुकिंग Current Booking के तहत नहीं होती.

यह सुविधा रेलवे की निर्धारित बुकिंग अवधि के दौरान ही उपलब्ध रहती है. इसलिए अगर त्योहारों में आपकी ट्रेन में टिकट नहीं मिल रहा है तो ट्रेन रवाना होने से पहले IRCTC पर सीट की उपलब्धता जरूर चेक कर सकते हैं. सीट खाली होने पर Current Booking के जरिए कंफर्म टिकट मिलने का मौका मिल सकता है.