सोने और चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट से ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है. पिछले दिनों रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंचने के बाद अब सोने के भाव तेजी से नीचे आ रहे हैं. इसका असर सराफा बाजार में भी दिखाई देने लगा है.
खासकर शादी-विवाह के सीजन में जेवर खरीदने की तैयारी कर रहे परिवारों के लिए यह अच्छी खबर है. कारोबारियों का अनुमान है कि अगर कीमतों में गिरावट जारी रही तो सोना 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है.
बीते दिनों सोने की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिली थी. महंगे भाव के कारण आम ग्राहकों ने जेवर खरीदने का फैसला टाल दिया था. कई परिवार पुराने सोने के आभूषणों को पॉलिश कराकर इस्तेमाल करने की योजना बना रहे थे. हालांकि, अब कीमतों में गिरावट आने से बाजार का माहौल बदलने लगा है. फिलहाल सोने का भाव करीब 1.26 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गया है.
कारोबारियों के मुताबिक, सोने की कीमतों में रोजाना एक से दो हजार रुपये तक की गिरावट दर्ज की जा रही है. इससे ग्राहकों को खरीदारी का बेहतर मौका मिल रहा है. शादी के लिए जेवर खरीदने वाले परिवार अब दोबारा सराफा बाजार पहुंचने लगे हैं. कारोबारियों का कहना है कि कीमतों में कमी आने से बाजार में ग्राहकों की संख्या भी बढ़ रही है.
बरेली के सराफा कारोबारियों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है. कारोबारी विधान रस्तोगी के मुताबिक, सोने का भाव 1.10 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंचने की संभावना है. बाजार में मांग और नकदी की स्थिति कमजोर होने का असर भी कीमतों पर पड़ रहा है. उनका अनुमान है कि अगले एक सप्ताह तक गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर की मजबूती को भी सोने की कीमतों में गिरावट की एक बड़ी वजह माना जा रहा है. कारोबारी राजकुमार अग्रवाल के अनुसार, डॉलर मजबूत होने से सोने के भाव पर दबाव पड़ा है. हालांकि, उन्होंने 25 नवंबर से कीमतों में दोबारा तेजी आने की संभावना भी जताई है. ऐसे में शादी के लिए आभूषण खरीदने की योजना बना रहे लोगों को मौजूदा गिरावट का फायदा उठाने की सलाह दी जा रही है.
कारोबारी विकास वर्मा का कहना है कि अगर कीमतों में इसी तरह गिरावट जारी रही तो सोना 1 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है. हालांकि, जून-जुलाई तक कीमतों में फिर तेजी आने की संभावना है. दूसरी ओर, महानगर ज्वैलर्स एंड बुलियन एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल मिंटू के मुताबिक, आने वाले दिनों में सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है. बरेली के आलमगीरीगंज, साहूकारा, सिविल लाइंस और बड़ा बाजार जैसे प्रमुख सराफा बाजारों में ग्राहकों की आमद बढ़ने लगी है.