Budget 2024: 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अंतरिम बजट पेश करेंगी. इस बजट में कई बड़े ऐलान हो सकते हैं. बजट में किसानों को लेकर भी सरकार बड़े एलान कर सकती है. कहा जा रहा है कि इस बार के बजट में पीएम किसान सम्मान निधि को लेकर सरकार बड़ी घोषणा कर सकती है. प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों को हर साल 6,000 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है. अब तक सरकार इस योजना की 15 किस्तें जारी कर चुकी है.
बढ़ सकती है राशि
सूत्रों के हवाले मिली खबर के मुताबिक 1 फरवरी को पेश होने वाले बजट में सरकार किसानों को सालाना दी जाने वाली राशि में बढ़ोतरी कर सकती है. सूत्रों का कहना है कि अब किसानों को पीएम किसानो योजना के तहत 6,000 रुपये की बजाए हर साल 8,000 रुपये दिए जाएंगे. इसके साथ ही सरकार पीएम किसान करीब कल्याण योजना में भी कुछ बदलाव कर सकती है. आपको बताते चलें कि 2019 के अंतरिम बजट में सरकार ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना को शामिल किया था. ऐसे में चुनाव से पहले एक बार फिर से अंतरिम बजट में किसानों को बढ़ा तोहफा दे सकती है.
कब आएगी पीएम किसान सम्मान निधि की 16वीं किस्त
सरकार की ओर से पीएम किसान सम्मान निधि की 15वीं किस्त का एलान बीते साल 15 नवंबर को किया गया था. वहीं, 16वीं किस्त को लेकर सूत्रों का कहना है कि बजट पेश होने के बाद सरकार फरवरी के पहले सप्ताह में पीएम किसान सम्मान निधि की 16वीं किस्त जारी कर सकती है.
सरकार इस अंतरिम बजट में कई नई घोषणाएं भी कर सकती है. आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, किसानों, महिलाओं और युवाओं को लेकर इस बजट में सरकार की ओर से कई नई घोषणाओं का भी एलान किया जा सकता है.