नई दिल्ली: आप फोन पर बात कर रहे हैं और अचानक कॉल कट जाती है. अगर बार-बार ऐसा हो तो बहुत परेशानी होती है. कई इलाकों में लोग कॉल ड्रॉप की समस्या से जूझते रहते हैं. पूरी बात नहीं हो पाती और अंत में WhatsApp या दूसरे ऐप से कॉल करनी पड़ती है. अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो TRAI (टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया) ने एक अच्छा समाधान दिया है.
TRAI ने अपनी MyCall ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया है. इससे यूजर्स आसानी से कॉल क्वालिटी रिपोर्ट कर सकते हैं. रेगुलेटर का कहना है कि यूजर्स को फीडबैक देना चाहिए, जिससे कंपनियां कॉल क्वालिटी सुधार सकें. कॉल ड्रॉप किस वजह से होता है, ये जानने से पहले ये जानते हैं कि आखिर कॉल ड्रॉप की समस्या होती क्या है.
फोन पर बात करते समय अचानक कॉल डिस्कनेक्ट हो जाना कॉल ड्रॉप कहलाता है. इसके पीछे नेटवर्क समस्या, हार्डवेयर खराबी या सॉफ्टवेयर बग हो सकते हैं. लगातार कॉल ड्रॉप से बात करना मुश्किल हो जाता है.
कमजोर सिग्नल: कमजोर नेटवर्क कवरेज वाले इलाके में यह समस्या ज्यादा होती है. इमारतों जैसी बाधाओं के कारण भी सिग्नल नहीं पहुंच पाता.
नेटवर्क कंजेशन: एक ही समय पर बहुत सारे लोग एक नेटवर्क इस्तेमाल करें तो कंजेशन हो जाता है और कॉल कटने लगती है.
हैंडओवर फेल्योर: सफर के दौरान फोन एक टावर से दूसरे टावर पर शिफ्ट होता है. यह प्रोसेस फेल हो जाए तो कॉल ड्रॉप हो जाती है.
एंटीना या नेटवर्क मॉड्यूल खराब होने पर कॉल ड्रॉप हो सकती है.
सॉफ्टवेयर बग भी समस्या पैदा कर सकता है.
पुरानी या खराब बैटरी पर्याप्त पावर नहीं देती, जिससे कनेक्शन अस्थिर रहता है.
TRAI ने MyCall ऐप का नया वर्जन लॉन्च किया है. अब यूजर हर वॉइस कॉल को 1 से 5 स्टार तक रेटिंग दे सकते हैं. कॉल खत्म होने के बाद ऐप कॉल क्वालिटी के बारे में पूछेगी. अगर कॉल ड्रॉप, इको, आवाज में देरी, वॉइस ब्रेकिंग या आवाज न आने जैसी समस्या आई हो तो आप रिपोर्ट कर सकते हैं. यह फीडबैक टेलीकॉम कंपनियों के साथ शेयर किया जाएगा. इससे उन्हें कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों की पहचान करने और सुधार करने में मदद मिलेगी.
कॉल रेटिंग सुविधा
कवरेज टेस्ट फीचर: किसी इलाके में नेटवर्क सिग्नल की ताकत चेक कर सकते हैं
कंज्यूमर फीडबैक और नेटवर्क जानकारी को मिलाकर असली कॉलिंग अनुभव की बेहतर तस्वीर पेश करता है
एंड्रॉइड यूजर गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर सकते हैं. ध्यान रखें कि यह शिकायत प्लेटफॉर्म नहीं है. यह सिर्फ यूजर्स का फीडबैक इकट्ठा करने के लिए बनाया गया है.
अगर आपके इलाके में बार-बार कॉल ड्रॉप होती है तो MyCall ऐप डाउनलोड करें और हर कॉल के बाद फीडबैक दें. इससे कंपनियों को समस्या पता चलेगी और नेटवर्क सुधारने में मदद मिलेगी. साथ ही अपने फोन का सॉफ्टवेयर अपडेट रखें और सिग्नल कमजोर होने पर वाई-फाई कॉलिंग का इस्तेमाल करें. TRAI का यह कदम यूजर्स को बेहतर कॉलिंग अनुभव देने की दिशा में अच्छा प्रयास है. जितने ज्यादा लोग फीडबैक देंगे, नेटवर्क क्वालिटी उतनी ही बेहतर हो सकती है.