menu-icon
India Daily

Paytm ने लॉन्च किया 'पॉकेट मनी' फीचर, अब बिना बैंक अकाउंट के पेमेंट कर पाएंगे यूजर्स

इस फीचर के जरिए माता-पिता अपने बैंक अकाउंट को लिंक करके अपने बच्चे को सीमित यूपीआई एक्सेस दे सकते हैं जिसके बाद बच्चा अपने अकाउंट के बिना भी अपने मोबाइल से यूपीआई पेमेंट कर पाएगा लेकिन उसका पूरा कंट्रोल मां-बाप के पास ही रहेगा.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
Paytm ने लॉन्च किया 'पॉकेट मनी' फीचर, अब बिना बैंक अकाउंट के पेमेंट कर पाएंगे यूजर्स
Courtesy: pinterest

संकट से जूझ रहे पेटीएम ने अपने यूजर्स के लिए एक नया फीचर 'पॉकेट मनी' लॉन्च किया है, यह फीचर टीनएजर्स को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. इस फीचर के जरिए युवा बिना बैंक अकाउंट के भी यूपीआई पेमेंट कर पाएंगे. यह सुविधा NPCI के यूपीआई सर्किल फ्रेमवर्क पर आधारित है. इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों और युवाओं को डिजिटल पेमेंट की सुविधा देना है जबकि माता-पिता या परिवार के भरोसेमंद सदस्य उनके खर्चों को कंट्रोल और मॉनिटर कर सकेंगे.

क्या है पेटीएम पॉकेट फीचर

इस फीचर के जरिए माता-पिता अपने बैंक अकाउंट को लिंक करके अपने बच्चे को सीमित यूपीआई एक्सेस दे सकते हैं जिसके बाद बच्चा अपने अकाउंट के बिना भी अपने मोबाइल से यूपीआई पेमेंट कर पाएगा लेकिन उसका पूरा कंट्रोल मां-बाप के पास ही रहेगा. वे चाहें तो किसी भी समय उसके एक्सेस को बंद कर सकते हैं.

यह फीचर उन युवाओं और बच्चों के लिए बेहतर हो सकता है जो अपनी छोटी-मोटी जरूरतों के लिए जैसे स्कूल कैंटीन, मेट्रो राइड, कैब पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज या ऑनलाइन शॉपिंग के लिए डिजिटल भुगतान करना चाहते हैं.

पेटीएम के पॉकेट मनी फीचर में सुरक्षा के कई स्तर जोड़े गए हैं ताकि बच्चे को इसके गलत इस्तेमाल से रोका जा सके. इस फीचर के जरिए हर एक यूपीआई की अधिकतम सीमा 5000 रुपए रखी गई है. वहीं पूरे यूपीआई नेटवर्क में महीने भर की खर्च सीमा 15,000 रुपए तय की गई है.

इसके अलावा, फीचर एक्टिव होने के पहले 30 मिनट में सिर्फ 500 रुपए तक का पेमेंट किया जा सकता है. वहीं पहले 24 घंटे में कुल लेनदेन की सीमा 5000 रुपए रखी गई है. इस फीचर को चालू करने के लिए डिवाइस लॉक जरूरी होगा और माता-पिता कभी भी यूपीाई पिन की मदद से खर्च की सीमा बदल सकते हैं.

कैसे ऑन करें पॉकेट मनी फीचर

इस फीचर को ऑन करने के लिए सबसे पहले पेटीएम ऐप को गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से अपडेट करना होगा. इसके बाद ऐप खोलकर 'To Mobile / Contact'  सेक्शन में जाना होगा. वहां  'Pocket Money' का विकल्प चुनना होगा. फिर उस व्यक्ति का नंबर दर्ज करें जिसके लिए आपको यह फीचर चालू करना है.

इसके बाद सामने आने वाले यूजर का यूपीआई क्यूआर कोड स्कैन करें या उसका यूपीआई आईडी डालें. जरूरी दस्तावेजों के जरिए वेरिफिकेशन पूरा करें. फिर मासिक खर्च की सीमा तय करें या पहले से दिए गए विकल्प को चुनें. अपना प्राइमरी बैंक अकाउंट चुनें और पेटीएम यूपीआई पिन दर्ज करें. अंत में उस यूजर को इनविटेशन एक्सेप्ट करना होगा जिसके लिए यह फीचर चुना गया है. इसके बाद यह फीचर एक्टिव हो जाएगा.