SMS of Death: अगर आप स्मार्टफोन का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए यह खबर काफी अहम है. खबर जरूरी होने के साथ-साथ चिंताजनक भी है. दरअसल, एंड्रॉइड स्मार्टफोन में एक खतरनाक सिक्योरिटी खामी SMS of Death का पता चला है. यह मैसेज फोन का पूरा सिस्टम क्रैश कर सकता है. सिर्फ इतना ही नहीं, फोन को बार-बार रिस्टार्ट की समस्या में भी डाल सकता है. इसके अलावा कॉलिंग जैसी जरूरी सुविधाएं भी बंद हो सकती हैं.
इस खामी का सबसे पहले पता सिक्योरिटी रिसर्चर मार्क ब्लास्जिक ने लगाया. उनके मुताबिक, एक मैसेज एंड्रॉइड फोन के सिस्टम को पूरी तरह से प्रभावित कर सकता है, जिससे डिवाइस पूरी तरह से काम करना बंद कर देता है. हालांकि, अभी तक यह सामने नहीं आया है कि इसका असर कितने देशों और कितने यूजर्स पर पड़ रहा है.
रिसर्चर ने इस मैसेज को लेकर चेतावनी जारी है. रिसर्चर्स का कहना है कि ऐसे करीब 20 खतरनाक मैसेज किसी एंड्रॉइड स्मार्टफोन के लिए एक बड़ी परेशानी खड़ी कर सकते हैं. इसका असर फोन के कॉल मैनेज करने वाले सिस्टम पर पड़ सकता है. इस तरह की स्थिति में नॉर्मल कॉल के साथ इमरजेंसी नंबर पर कॉल करने में भी दिक्कत आ सकती है.
इस सिक्योरिटी खामी का एक गंभीर असर बूटलूप हो सकता है. आसान भाषा में समझें तो इससे फोन बार-बार ऑन और बंद होने लगता है. एंड्रॉइड सिस्टम लगातार उस मैसेज को प्रोसेस करने की कोशिश करता है, जिससे फोन नॉर्मल तरह से ऑन हीं हो पाता है.
सिर्फ यही नहीं, इस समस्या को लेकर एक और बड़ी चिंता यह भी है कि यह एसएमएस इनबॉक्स में दिखाई नहीं देता. सिस्टम क्रैश होने के कारण यूजर को इसकी जानकारी देने वाला नोटिफिकेशन भी नहीं मिल सकता है.
रिसर्चर के अनुसार, केवल फैक्ट्री रीसेट करना इस समस्या का परमानेंट सॉल्यूशन नहीं है. टेलीकॉम नेटवर्क द्वारा मैसेज दोबारा भेजे जाने पर फोन फिर से प्रभावित हो सकता है. कंप्यूटर से फोन कनेक्ट करके ऐसे मैसेज की पहचान और उन्हें डिलीट करने का तरीका बताया गया है.
रिसर्चर ने बताया कि गूगल को उन्होंने 5 मई को इस खामी के बारे में बताया था. उनके मुताबिक, शुरुआत में रिपोर्ट को सिक्योरिटी समस्या के रूप में स्वीकार नहीं किया गया, हालांकि बाद में उन्हें पता चला कि गूगल इस खामी को ठीक करने पर काम कर रहा है. फिलहाल एंड्रॉइड यूजर्स को अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध मैसेज और लिंक से सावधान रहना चाहिए. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में फोन निर्माता या अधिकृत सर्विस सेंटर से संपर्क करें.