menu-icon
India Daily

Free Wi-Fi इस्तेमाल करते हैं? ये 5 गलतियां पड़ सकती हैं भारी, बैंक अकाउंट हो सकता है खाली

Public Wi-Fi Safety Tips: ओपन वाई-फाई नेटवर्क पर बिना सोचे-समझे कनेक्ट होना आपकी निजी जानकारी को जोखिम में डाल सकता है. इसलिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है.

Shilpa Shrivastava
Free Wi-Fi इस्तेमाल करते हैं? ये 5 गलतियां पड़ सकती हैं भारी, बैंक अकाउंट हो सकता है खाली
Courtesy: AI Generated

Public Wi-Fi Safety Tips: आज के समय में इंटरनेट हमारी रोजमर्रा की जरूरत बन गया है. घर से बाहर निकलते ही अगर मोबाइल डाटा खत्म हो जाए तो रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, कैफे और शॉपिंग मॉल में मिलने वाला फ्री पब्लिक वाई-फाई काफी सुविधाजनक लगता है. लेकिन यह सुविधा हमेशा सुरक्षित हो, ऐसा जरूरी नहीं है. ओपन वाई-फाई नेटवर्क पर बिना सोचे-समझे कनेक्ट होना आपकी निजी जानकारी को जोखिम में डाल सकता है. इसलिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद जरूरी है.

फ्री पब्लिक वाई-फाई पर बैंकिंग से बचें:

पब्लिक वाई-फाई से कनेक्ट होने के बाद ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआईई या क्रेडिट-डेबिट कार्ड से जुड़ा कोई जरूरी काम करने से बचें. इसी तरह ईमेल और सोशल मीडिया के पासवर्ड भी ऐसे नेटवर्क पर डालने से बचना बेहतर है.

कुछ अनसिक्योर्ड नेटवर्क पर हैकर्स यूजर और नेटवर्क के बीच मौजूद जानकारी को हासिल करने की कोशिश कर सकते हैं. इसे आम तौर पर मैन इन द मिडल अटैक कहा जाता है. अगर बैंकिंग का काम बहुत जरूरी है, तो पब्लिक वाई-फाई की जगह मोबाइल डाटा या अपने फोन के पर्सनल हॉटस्पॉट का इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित विकल्प रहेगा. 

जरूरत पड़े तो VPN का इस्तेमाल करें:

अगर किसी कारण से पब्लिक वाई-फाई इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो भरोसेमंद VPN (वर्चुअल प्राइवेट नेटवर्क) का इस्तेमाल किया जा सकता है. VPN आपके इंटरनेट ट्रैफिक को एन्क्रिप्ट करता है, जिससे नेटवर्क पर मौजूद दूसरे लोगों के लिए आपकी जानकारी को सीधे पढ़ना मुश्किल हो जाता है. हालांकि, VPN आपको हर तरह के साइबर खतरे से पूरी तरह सुरक्षित नहीं करता. इसलिए VPN के साथ भी संदिग्ध वेबसाइट, लिंक और ऐप से बचना जरूरी है.

वाई-फाई का ऑटो-कनेक्ट बंद रखें:

फोन में वाई-फाई का ऑटो-कनेक्ट फीचर चालू रहने पर डिवाइस आसपास के उपलब्ध नेटवर्क से अपने आप कनेक्ट हो जाता है. ऐसे में किसी फर्जी या अनजान नेटवर्क से कनेक्शन होने का खतरा रहता है. इसलिए फोन की वाई-फाई सेटिंग्स में जाकर ऑटो-कनेक्ट या इसी तरह के विकल्प को जरुरत के अनुसार बंद रखना बेहतर है. किसी नेटवर्क से जुड़ने से पहले उसका नाम भी ध्यान से जांचें.

काम खत्म होते ही वाई-फाई बंद करें:

जब पब्लिक वाई-फाई का काम पूरा हो जाए तो फोन का वाई-फाई बंद कर दें. जरूरत न होने पर ब्लूटूथ भी बंद रखना अच्छा विकल्प है. साथ ही फोन और ऐप्स को समय-समय पर अपडेट करते रहें, क्योंकि सॉफ्टवेयर अपडेट्स में कई बार जरूरी सिक्योरिटी फिक्सेस भी शामिल होते हैं.

फ्री वाई-फाई के लालच में न करें लापरवाही:

फ्री इंटरनेट भले ही सुविधाजनक हो, लेकिन अपनी निजी जानकारी की सुरक्षा ज्यादा जरूरी है. पब्लिक वाई-फाई पर बैंकिंग और संवेदनशील काम करने से बचें, अनजान नेटवर्क से कनेक्ट न हों और जरूरी होने पर मोबाइल डाटा का इस्तेमाल करें. थोड़ी-सी सावधानी आपको डाटा चोरी, अकाउंट हैकिंग और दूसरे साइबर खतरों से बचाने में मदद कर सकती है.