नई दिल्ली: नया फ्रिज खरीदना सिर्फ घर के लिए एक इलेक्ट्रॉनिक सामान लेना नहीं, बल्कि लंबे समय के लिए निवेश करना है. फ्रिज दिन-रात चलता है, इसलिए इसका असर बिजली के बिल और घर के खर्च पर भी पड़ता है. अक्सर लोग नया फ्रिज खरीदते समय उसके डिजाइन, कलर, कीमत और डिस्काउंट देखकर फैसला कर लेते हैं. लेकिन बाद में बिजली की खपत, कम स्टोरेज और बार-बार खराब होने जैसी समस्याएं सामने आने लगती हैं.
अगर आप भी नया फ्रिज खरीदने की तैयारी कर रहे हैं, तो सिर्फ कीमत देखकर फैसला न करें. कुछ जरूरी फीचर्स ऐसे हैं, जो फ्रिज की परफॉर्मेंस, बिजली की बचत और उसकी उम्र पर सीधा असर डालते हैं. खरीदने से पहले इन 3 बातों को जरूर ध्यान में रखें.
फ्रिज लगातार चलता रहता है, इसलिए खरीदते समय उसकी बिजली खपत पर ध्यान देना सबसे जरूरी है. इन्वर्टर कंप्रेसर वाला फ्रिज बिजली की जरूरत और अंदर के तापमान के हिसाब से अपनी स्पीड कम या ज्यादा कर सकता है. इससे फ्रिज को बार-बार पूरी ताकत से चालू और बंद नहीं होना पड़ता. इस तकनीक से कूलिंग बेहतर बनी रहती है, बिजली की खपत कम करने में मदद मिलती है और फ्रिज के चलने की आवाज भी अपेक्षाकृत कम हो सकती है.
इसके साथ फ्रिज पर लगा BEE स्टार रेटिंग लेबल जरूर चेक करें. आमतौर पर बेहतर स्टार रेटिंग वाले मॉडल कम बिजली खर्च करने में मदद करते हैं. हालांकि, खरीदने से पहले फ्रिज की सालाना बिजली खपत (kWh) भी जरूर देखें, क्योंकि अलग-अलग क्षमता वाले फ्रिज की खपत अलग हो सकती है.
आजकल घरों में कभी ज्यादा सब्जियां रखनी होती हैं, तो कभी त्योहार या पार्टी के दौरान खाने-पीने का सामान ज्यादा हो जाता है. ऐसे में कन्वर्टिबल फ्रिज काफी काम आ सकता है. इस फीचर में जरूरत के हिसाब से फ्रीजर को फ्रिज की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है, जिससे स्टोरेज की जगह बढ़ जाती है.
कुछ फ्रिज में छुट्टियों के दौरान बिजली बचाने के लिए खास मोड भी दिए जाते हैं. अगर आप कुछ दिनों के लिए घर से बाहर जा रहे हैं, तो ऐसे फीचर उपयोगी हो सकते हैं. इसके अलावा फ्रॉस्ट-फ्री फ्रिज खरीदना बेहतर रहता है. इसमें फ्रीजर के अंदर बार-बार बर्फ जमने की समस्या कम होती है और आपको हाथ से बर्फ हटाने की परेशानी नहीं होती. मल्टी एयर फ्लो सिस्टम भी देखें, जिससे फ्रिज के अलग-अलग हिस्सों में ठंडी हवा पहुंचती है और खाने का सामान सही तरीके से ठंडा रहता है.
भारत में कई जगह बिजली का वोल्टेज अचानक कम या ज्यादा हो जाता है. इससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है. इसलिए ऐसा फ्रिज चुनें जिसमें स्टेबलाइजर-फ्री ऑपरेशन की सुविधा हो और कंपनी ने तय वोल्टेज रेंज में सुरक्षित संचालन का दावा किया हो. अगर आपके घर में इन्वर्टर लगा है, तो यह भी जांचें कि फ्रिज बिजली कटने के बाद घरेलू इन्वर्टर पर चल सकता है या नहीं. कुछ मॉडल में इस तरह की सुविधा दी जाती है.
फ्रिज के अंदर टफन्ड ग्लास शेल्फ होना भी जरूरी है. ये सामान्य शेल्फ की तुलना में मजबूत होते हैं और भारी बर्तन रखने में मदद करते हैं. खरीदने से पहले कंप्रेसर की वारंटी, प्रोडक्ट की वारंटी और आपके शहर में सर्विस सेंटर की उपलब्धता भी जांच लें.