GTA 6 Budget: दुनिया के सबसे लोकप्रिय वीडियो गेम में शामिल Grand Theft Auto (GTA) का नया वर्जन GTA 6 इन दिनों गेमिंग इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है. इस बार गेम की कहानी, शानदार ग्राफिक्स और नए फीचर्स से ज्यादा लोगों की नजर इसके बजट पर है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, GTA 6 को बनाने में करीब 1 अरब डॉलर या उससे भी ज्यादा खर्च किया गया है. भारतीय रुपये में यह रकम लगभग 8,900 करोड़ रुपये बैठती है.
गेम का इतना बड़ा बजट इसे दुनिया के सबसे महंगे गेम प्रोजेक्ट्स में शामिल करता है. इसकी तुलना दुबई की मशहूर इमारत बुर्ज खलीफा के निर्माण खर्च से भी की जा रही है.
GTA 6 को रॉकस्टार गेम्स ने तैयार किया है. कंपनी ने अभी तक गेम के विकास पर हुए कुल खर्च का आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है. हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस गेम को बनाने में 1 अरब से 1.5 अरब डॉलर तक खर्च हो सकता है. कुछ अनुमानों में यह लागत 2 अरब डॉलर तक पहुंचने की बात भी कही गई है.
दुबई की बुर्ज खलीफा को बनाने में करीब 1.5 अरब डॉलर खर्च हुए थे. इसी वजह से GTA 6 के बजट की तुलना दुनिया की सबसे ऊंची इमारत से की जा रही है. हालांकि, गेम की वास्तविक लागत को लेकर अभी अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं.
GTA 6 को तैयार करने में Rockstar Games को कई सालों तक काम करना पड़ा. लंबे डेवलपमेंट समय के कारण गेम पर भारी रकम खर्च हुई. इस खर्च में गेम डिजाइन करने वाले कर्मचारियों की सैलरी, कोडिंग, ग्राफिक्स, टेस्टिंग और तकनीकी संसाधन शामिल हैं.
गेम को ज्यादा वास्तविक दिखाने के लिए मोशन कैप्चर तकनीक का इस्तेमाल किया गया है. इसके जरिए गेम के किरदारों की चाल, चेहरे के हावभाव और उनकी गतिविधियों को असली इंसानों जैसा बनाने की कोशिश की गई है. इसके अलावा आवाज रिकॉर्डिंग, म्यूजिक, गेम की दुनिया तैयार करने और कई भाषाओं में इसे उपलब्ध कराने पर भी बड़ा निवेश किया गया है.
GTA 6 को लेकर गेमिंग बाजार में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है. रिपोर्ट्स और बाजार अनुमानों के मुताबिक, गेम की लॉन्चिंग से पहले डिजिटल बिक्री और प्री-ऑर्डर से बड़ी रकम जुटने की संभावना जताई गई है. कुछ रिपोर्ट्स में बिक्री से होने वाली कमाई को अरबों डॉलर तक बताया गया है. हालांकि, इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
भारत में GTA 6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपये और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपये बताई गई है. गेम फिलहाल PlayStation 5 और Xbox Series X|S जैसे कंसोल के लिए उपलब्ध है. PC वर्जन को लेकर गेमर्स को अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है.