नई दिल्ली: Apple ने आखिरकार भारत में अपनी पेमेंट सर्विस Apple Pay लॉन्च कर दी है. अमेरिका में लॉन्च होने के करीब एक दशक बाद अब भारतीय यूजर्स भी इसका इस्तेमाल कर सकेंगे. कंपनी ने 30 सितंबर से भारत में Apple Pay की सुविधा शुरू की है. फिलहाल यह सुविधा सीमित है. भारत में शुरुआत में केवल एक्सिस बैंक द्वारा जारी Visa और Mastercard क्रेडिट कार्ड को Apple Pay में जोड़ा जा सकता है. आने वाले समय में दूसरे बैंकों के कार्ड को भी सपोर्ट मिलने की उम्मीद है.
Apple Pay की सबसे खास बात यह है कि पेमेंट के समय हर बार OTP या PIN डालने की जरूरत नहीं पड़ती. भुगतान की पुष्टि सीधे आपके एप्पल डिवाइस पर होती है. Apple के मुताबिक, इससे स्टोर पर कार्ड से पेमेंट करना आसान और तेज हो जाता है. यूजर को किसी अलग ऐप में जाकर भुगतान करने या बार-बार कार्ड की जानकारी दर्ज करने की जरूरत नहीं होगी. ऑफलाइन पेमेंट के अलावा, सपोर्टेड ऐप्स और वेबसाइट्स पर भी Apple Pay के जरिए भुगतान किया जा सकता है.
Apple Pay, Apple की डिजिटल पेमेंट और वॉलेट सर्विस है. इसमें यूजर अपने योग्य क्रेडिट या डेबिट कार्ड को डिजिटल रूप से जोड़ सकता है. पेमेंट के दौरान कार्ड की जानकारी सीधे मर्चेंट के साथ शेयर करने के बजाय डिवाइस के जरिए भुगतान को सुरक्षित तरीके से ऑथेंटिकेट किया जाता है.
भारत में Apple Pay की शुरुआत ऐसे समय हुई है जब UPI पहले से ही डिजिटल पेमेंट का बड़ा माध्यम बन चुका है. ऐसे में Apple Pay भारतीय यूजर्स के लिए कार्ड से पेमेंट करने का एक अतिरिक्त विकल्प होगा.
Apple Pay सेट करना काफी आसान है. इसके लिए iPhone में Wallet ऐप खोलें और ऊपर दिए गए '+' विकल्प पर क्लिक करें. इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करके अपना योग्य एक्सिस बैंक कार्ड जोड़ सकते हैं. एक्सिस बैंक ऐप के जरिए भी कार्ड को Apple Pay में जोड़ा जा सकता है. कार्ड सफलतापूर्वक जुड़ने के बाद यूजर इसका इस्तेमाल शुरू कर सकता है.
दुकान पर Apple Pay से भुगतान करने के लिए iPhone के साइड बटन को दो बार दबाएं. इसके बाद फेस आईडी, टच आईडी या डिवाइस के पासकोड से पहचान की पुष्टि करें. इसके बाद iPhone के ऊपरी हिस्से या Apple Watch के डिस्प्ले को कॉन्टैक्टलेस पेमेंट मशीन के पास ले जाएं. पेमेंट पूरा हो जाएगा. Apple Pay के जरिए भुगतान करने पर यूजर्स को अपने कार्ड से जुड़े रिवॉर्ड और दूसरे फायदे भी मिलते रहेंगे.
Apple Pay का इस्तेमाल करने के लिए iPhone XR या उसके बाद के मॉडल की जरूरत होगी. डिवाइस में कम से कम iOS 18 होना चाहिए. Apple Watch के लिए सीरीज 6 या उसके बाद का मॉडल और watchOS 11 या उससे नया वर्जन जरूरी है.
शुरुआत में Apple Pay को कई बड़े स्टोर्स, ऐप्स और सेवाओं पर इस्तेमाल किया जा सकेगा. इनमें एप्पल स्टोर, ब्लिंकिट, चायोस, क्रोमा, इक्सिगो, रिलायंस ब्रांड्स, टाटा 1एमजी और जोमैटो समेत कई नाम शामिल हैं. Apple के मुताबिक, दुनियाभर में Apple Pay के 90 से ज्यादा देशों में 11,000 से अधिक बैंक और नेटवर्क पार्टनर्स हैं. भारत में भी आने वाले समय में इसके सपोर्ट का दायरा बढ़ने की उम्मीद है.