किसी ने पांच दशक पहले देश की रक्षा में अपने पति को खोया, तो किसी का सुहाग कारगिल युद्ध में उजड़ गया. एक महिला को अपने पति के पार्थिव शरीर की पहचान के लिए पांच महीने तक इंतजार करना पड़ा. इन वीर नारियों ने पति की शहादत का दर्द सहते हुए बच्चों की परवरिश की और परिवार की जिम्मेदारियां निभाईं. शनिवार को मेरठ के कुलवंत सिंह स्टेडियम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जब इन महिलाओं को सम्मानित किया तो उनके पुराने जख्म और यादें फिर ताजा हो गईं.
इन महिलाओं के लिए यह सम्मान सिर्फ एक सरकारी कार्यक्रम नहीं था, बल्कि उनके पतियों के बलिदान और उनके अपने संघर्ष को मिली पहचान थी. किसी के चेहरे पर गर्व दिखा तो किसी की आंखें पुरानी यादों से नम हो गईं.
नांगल क्षेत्र के छपरा गांव की रहने वाली संतोष के पति करीब 50 साल पहले देश के लिए शहीद हो गए थे. आधी सदी बीतने के बाद भी उनके पति की यादें उनके जीवन का हिस्सा हैं. मुख्यमंत्री के हाथों सम्मान पाकर उन्होंने इसे अपने परिवार और सैनिक परिवारों के लिए गर्व का क्षण बताया.
वहीं, मेरठ के शोभापुर की अबरीशा खातून के पति अजमेर अली वर्ष 1987 में लद्दाख में हुए एक हादसे में शहीद हो गए थे. परिवार को उनका पार्थिव शरीर भी नहीं मिल पाया था. अजमेर अली को मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित किया गया था. अबरीशा ने कहा कि मुख्यमंत्री से मिला सम्मान उनके पति की शहादत को मिली पहचान है.
कंकरखेड़ा की विमलेश देवी के पति कारगिल युद्ध में शहीद हुए थे. उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया था. मुख्यमंत्री से सम्मान पाकर विमलेश ने गर्व जताया. उन्होंने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में किए गए कार्यों की भी सराहना की.
बिजनौर की माला के पति सिक्किम में हुए हादसे में शहीद हो गए थे. परिवार को करीब पांच महीने तक उनके पार्थिव शरीर का इंतजार करना पड़ा. बाद में डीएनए जांच के जरिए उनकी पहचान हो सकी. पति की शहादत के बाद माला को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी गई.
वर्ष 2016 में पति को खोने वाली गीता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात और सम्मान मिलने को बेहद भावुक पल बताया. उन्होंने कहा कि आज उन्हें महसूस हुआ कि वह अकेली नहीं हैं, बल्कि पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है.
अक्टूबर 2022 में शहीद हुए सैनिक की पत्नी सुमन ने भी सम्मान मिलने पर गर्व जताया. उन्होंने बताया कि बच्चों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए निगम की ओर से उन्हें नौकरी दी गई है.
इन वीर नारियों का सम्मान उनके शहीद पतियों के बलिदान के साथ-साथ उनके अपने त्याग, धैर्य और संघर्ष की भी पहचान है. पति को खोने के बाद परिवार संभालना और बच्चों का भविष्य संवारना उनके लिए किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं था. यह सम्मान संदेश देता है कि देश अपने वीर जवानों के साथ उनके परिवारों के योगदान और संघर्ष को भी याद रखता है.