menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में धूप के बीच बारिश का अलर्ट, इन 3 पहाड़ी जिलों में बरसेंगे बादल

उत्तराखंड में फिलहाल मौसम का मिजाज शुष्क बना हुआ है. मैदानी इलाकों में तेज धूप के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, जबकि चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में सोमवार को हल्की बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में धूप के बीच बारिश का अलर्ट, इन 3 पहाड़ी जिलों में बरसेंगे बादल
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में मानसून अब कमजोर पड़ने लगा है. ज्यादातर इलाकों में आसमान साफ है और दिन के समय तेज धूप निकल रही है. धूप के कारण कई जगहों पर अधिकतम तापमान बढ़ रहा है, जिससे खासकर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी का अहसास बढ़ गया है.

दूसरी ओर, पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज पूरी तरह एक जैसा नहीं है. ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर बीच-बीच में हल्की बारिश या बौछारें हो रही हैं. मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम की स्थिति में बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है.

चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में बारिश के आसार

प्रदेश के तीन पर्वतीय जिलों में सोमवार को मौसम करवट ले सकता है. चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. हालांकि, राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. राजधानी देहरादून समेत अधिकांश जिलों में फिलहाल बारिश की कोई बड़ी गतिविधि देखने को नहीं मिलेगी. मैदानी इलाकों में धूप के कारण तापमान बढ़ने का सिलसिला जारी रह सकता है.

प्रदेश में मौसम के इस बदलाव की एक वजह दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी भी है. मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की वापसी की सीमा इस समय राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों से होकर गुजर रही है. यह रामगढ़, मोहनगढ़, फलोदी और खाजूवाला क्षेत्र तक पहुंच चुकी है.

पहाड़ों में बौछार की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं. इसके साथ ही पंजाब और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ क्षेत्रों में भी मानसून की विदाई का रास्ता साफ होने के संकेत हैं. मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण हिमाचल प्रदेश से लेकर पूर्व-मध्य क्षेत्र और उससे सटे उत्तर-पूर्वी अरब सागर तक एक द्रोणिका बनी हुई है. यह हरियाणा, राजस्थान और गुजरात से होकर गुजर रही है. इस मौसम प्रणाली के कारण उत्तराखंड के पर्वतीय हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है.