पंजाब में इस बार मानसूनी बारिश ने लोगों को निराश किया है. पूरे सीजन के दौरान प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य स्तर तक नहीं पहुंच सका. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 1 जून से 19 सितंबर के बीच पंजाब में औसतन 417 मिलीमीटर बारिश दर्ज होती है.
सितंबर में हालात और ज्यादा खराब रहे. इस महीने बारिश में करीब 57 फीसदी की कमी दर्ज की गई. मानसून की वापसी शुरू होने के बाद अब बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ने लगी हैं. ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश की कमी दूर होने की संभावना भी कम नजर आ रही है.
मौसम केंद्र चंडीगढ़ की ओर से 20 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले पांच दिनों के दौरान राज्य में कहीं भी बारिश होने की संभावना नहीं है. इस दौरान पंजाब में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने का अनुमान है.बारिश कम होने की वजह से तापमान में बढ़ोतरी हुई. 20 सितंबर को पठानकोट से लेकर फिरोजपुर तक प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहा. विभाग के मुताबिक 21 सितंबर को भी राज्यभर में बारिश के आसार नहीं हैं. इसके बाद 22, 23 और 24 सितंबर को भी किसी जिले में वर्षा का पूर्वानुमान नहीं है.
आंकड़ों पर नजर डालें तो पंजाब में इस मानसून सीजन के दौरान सामान्य मात्रा से 162.8 मिलीमीटर कम पानी बरसा है. पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई. हालांकि राज्य का औसत तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है.
पटियाला में दिन का तापमान सबसे अधिक 35.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. यह सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा रहा. चंडीगढ़ में पारा 35 डिग्री तक पहुंचा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है. इसके अलावा बठिंडा में 35.2 डिग्री, भाखड़ा बांध क्षेत्र में 35.1 डिग्री और मोहाली में 34.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. लुधियाना में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री, जालंधर में 33, अमृतसर में 32.6 और गुरदासपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा.