menu-icon
India Daily

देश के 14 राज्यों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, पहाड़ों में लैंडस्लाइड की चेतावनी

मानसून के अंतिम दौर में देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम विभाग ने 21 सितंबर से कई राज्यों में बारिश, आंधी, वज्रपात और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देश के 14 राज्यों में आज बारिश-आंधी का अलर्ट, पहाड़ों में लैंडस्लाइड की चेतावनी
Courtesy: ANI

मानसून की विदाई से पहले बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम ने एक बार फिर बारिश की गतिविधियां बढ़ा दी हैं. पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र आगे मजबूत हो सकता है. 

आज यानी 21 सितंबर को यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है. कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 60-65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके अलावा पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा देखते हुए यात्रा के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

दिल्ली-यूपी समेत अन्य राज्यों का मौसम

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ व्यापक बारिश हो सकती है. उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की से छिटपुट बारिश का अनुमान है. दिल्ली में 21 सितंबर को बारिश की संभावना नहीं है. बिहार में कई स्थानों पर 21 से 26 सितंबर के बीच व्यापक बारिश हो सकती है.

इसी अवधि में झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी बारिश का अनुमान है. ओडिशा में 21 और 22 सितंबर को आंधी, बिजली और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजस्थान के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है. मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है.

पहाड़ी राज्यों में मौसम का हाल

हिमाचल प्रदेश के ऊपरी क्षेत्रों में हल्की बारिश का अलर्ट है. उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, चमोली और नैनीताल में बारिश हो सकती है. जम्मू-कश्मीर के रामबन, राजौरी, रियासी और कठुआ में भी हल्की बारिश की संभावना है. पंजाब में फिलहाल बारिश की कोई चेतावनी नहीं है. हालांकि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अलग-अलग दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इसके अलावा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 21 से 26 सितंबर के दौरान भारी बारिश का अनुमान है. केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कई हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों में भारी बारिश हो सकती है.