menu-icon
India Daily

डेंगू और स्वाइन फ्लू का बढ़ता प्रकोप, एक दिन में मिले 36 नए मरीज

मौसम में बदलाव के साथ डेंगू और स्वाइन फ्लू के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है. जिले में बुधवार को डेंगू के 9 और स्वाइन फ्लू के 27 नए मरीज सामने आए. स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने डेंगू की रोकथाम के लिए हजारों घरों और कंटेनरों की जांच की.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
डेंगू और स्वाइन फ्लू का बढ़ता प्रकोप, एक दिन में मिले 36 नए मरीज
Courtesy: AI

मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच डेंगू का संक्रमण भी बढ़ता जा रहा है. बुधवार को जिले में डेंगू के नौ नए मरीज मिले. इनमें तीन मरीज देहरादून के हैं, जबकि छह अन्य जिलों से संबंधित हैं. नए मरीजों में झाझरा, हरभजवाला और रायपुर क्षेत्र के लोग शामिल हैं.

इलाज के लिए ग्राफिक एरा, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल और हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में तीन-तीन मरीज भर्ती हैं. अन्य संक्रमित मरीज नोएडा, हरिद्वार, मुजफ्फरनगर, रुद्रप्रयाग और चमोली से बताए गए हैं. जिले में अब तक डेंगू के कुल 180 मामले सामने आ चुके हैं.

14 हजार से ज्यादा घरों का सर्वे

डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. आशा कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों ने बुधवार को 14,553 घरों का सर्वे किया. इस दौरान 71,289 कंटेनरों की जांच की गई, जिनमें 339 में मच्छरों का लार्वा मिला. अब तक जिले में 9,91,208 घरों और 61,58,053 कंटेनरों की जांच की जा चुकी है. स्वास्थ्य विभाग मच्छरों के प्रजनन वाले स्थानों की पहचान कर उन्हें नष्ट करने पर जोर दे रहा है.

वहीं, चिकनगुनिया के दो नए मामले भी सामने आए हैं. इसके साथ जिले में चिकनगुनिया संक्रमितों की कुल संख्या 95 हो गई है. राहत की बात यह है कि बुधवार को मलेरिया का कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया. हालांकि, दूसरी ओर स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी जारी है. बुधवार को स्वाइन फ्लू के 27 नए मामले सामने आए. इनमें 21 मरीज देहरादून और छह अन्य जिलों के हैं.

स्वाइन फ्लू के 533 मामले

स्वाइन फ्लू के नए मरीजों में एसएमआई अस्पताल और बैठियाल लैब से छह-छह मामले रिपोर्ट हुए हैं. एम्स ऋषिकेश से पांच, दून अस्पताल से चार, आईडीएसपी से तीन, कैलाश अस्पताल से दो और लाल पैथ लैब से एक मरीज की पुष्टि हुई है. जिले में अब तक स्वाइन फ्लू के 533 मामले सामने आ चुके हैं. इनमें से 446 मरीज उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 85 मामले अभी सक्रिय हैं. इस बीच बुधवार को स्वाइन फ्लू के 16 और डेंगू के पांच मरीज स्वस्थ हुए हैं. बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की निगरानी और रोकथाम के लिए अभियान जारी रखे हुए है.