menu-icon
India Daily

उधमपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा ऑपरेशन, 2 आतंकवादी ढेर; हथियार और गोला-बारूद बरामद

Udhampur Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए एक अभियान में दो आतंकवादियों को मार गिराया है.

Shilpa Shrivastava
उधमपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा ऑपरेशन, 2 आतंकवादी ढेर; हथियार और गोला-बारूद बरामद
Courtesy: Pinterest

Udhampur Encounter: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए एक अभियान में दो आतंकवादियों को मार गिराया है. अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई बुधवार देर रात जंगल के इलाके में हुई. मारे गए आतंकवादियों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. सुरक्षा बल उनकी पहचान और अन्य जानकारी जुटाने में लगे हुए हैं. जानकारी के अनुसार, उधमपुर के मजालता इलाके के दूरदराज के ब्रेटल सोअन और खुब्बन क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी. इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG), सेना और CRPF ने मिलकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया.

बुधवार रात करीब 9 बजे शुरू हुए इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई. अधिकारियों ने बताया कि जंगल में एक संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाते समय कुछ गोलियों की आवाज और धमाके भी सुनाई दिए. ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया.

हथियार और गोला-बारूद बरामद:

मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की तलाशी ली. इस दौरान आतंकवादियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं. अधिकारियों के अनुसार, इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और सुरक्षा बल आसपास के जंगलों में भी तलाशी ले रहे हैं.

बडगाम में भी मारा गया था LeT कमांडर:

इस महीने की शुरुआत में जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में भी सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस कार्रवाई में पाकिस्तान का रहने वाला लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का कमांडर यासिर मारा गया था. जम्मू-कश्मीर पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई ऑपरेशन अश्धर के तहत की गई थी. सेना की स्पेशल फोर्सेस और 53 राष्ट्रीय राइफल्स की संयुक्त टीम ने आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद तलाशी अभियान शुरू किया था.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यासिर पहले लश्कर-ए-तैयबा के सुलैमान मूसा ग्रुप से जुड़ा था, लेकिन करीब एक साल पहले वह इस ग्रुप से अलग हो गया था. सुरक्षा एजेंसियां काफी समय से युसमर्ग इलाके में उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थीं. उधमपुर की ताजा कार्रवाई के बाद सुरक्षा बल पूरे इलाके में सतर्क हैं और तलाशी अभियान जारी है.