उत्तराखंड में आज मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में बारिश होने की संभावना है.
वहीं, राज्य के अन्य जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. हालांकि, पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय मौसम परिस्थितियों के कारण कहीं-कहीं अचानक बारिश हो सकती है.
हल्द्वानी में बुधवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली. तेज आंधी के साथ हुई बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई. बारिश के बाद कुछ इलाकों में सड़कें जलमग्न नजर आईं. मौसम में अचानक आए बदलाव ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं.
उत्तराखंड में 25 सितंबर से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है. बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अलर्ट है. ऐसे में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा स्थिति पर नजर रखने की जरूरत होगी.
26 और 27 सितंबर को बारिश का दायरा और बढ़ सकता है. बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा चमोली, पौड़ी, रुद्रप्रयाग और देहरादून में भी तेज बारिश हो सकती है. लगातार बारिश की स्थिति में पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. इसके चलते कई स्थानों पर सड़कें बाधित होने और यातायात प्रभावित होने की आशंका भी बनी रहेगी.
राजधानी देहरादून में आज आसमान साफ से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. दोपहर के समय कुछ इलाकों में गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं. देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. मौसम में लगातार बदलाव को देखते हुए पहाड़ी इलाकों में जाने वाले लोगों को यात्रा से पहले मौसम विभाग का ताजा पूर्वानुमान जरूर देखना चाहिए.